एक्शन में आए गढ़वा के नव पदस्थापित डीसी अनन्य मित्तल
बुधवार की देर शाम सदर अस्पताल का किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा, दिए सख्त निर्देश

स्वच्छता एवं मेडिकल वेस्ट निपटान पर विशेष ध्यान देने की जरूरत
सभी नव निर्मित भवनों का यथाशीघ्र हैंडओवर सुनिश्चित करने का दिया निर्देश
सभी सुविधाओं को यथाशीघ्र क्रियाशील (फंक्शनिंग) करें : डीसी
बलराम शर्मा
गढ़वा । जिले के नव पदस्थापित डीसी अनन्य मित्तल ने बुधवार की देर शाम सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण किया और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं एवं सुविधाओं का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान डीसी ने पाया कि कोविड काल में निर्मित भवन अब तक उपयोग में नहीं लाया जा रहा है। साथ ही सदर अस्पताल का नया भवन भी निर्माण पूर्ण होने के बावजूद अभी तक हैंडओवर नहीं किया गया है। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी औपचारिकताएं शीघ्र पूरी कर भवन को जल्द से जल्द चालू किया जाए, ताकि आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।

उन्होंने ब्लड बैंक का भी निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त अस्पताल के किचन का निरीक्षण करते हुए उन्होंने खाद्य सामग्री को अव्यवस्थित एवं परिसर में गंदगी पाए जाने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की तथा किचन को स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित रखने के सख्त निर्देश दिए।

निरीक्षण के क्रम में अस्पताल परिसर में भी साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं पाई गई। जगह-जगह गंदगी एवं मेडिकल वेस्ट फैला हुआ मिला, जिस पर उपायुक्त ने तत्काल सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित कर्मियों को नियमित साफ-सफाई एवं वेस्ट मैनेजमेंट सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा, एक स्त्रीरोग विशेषज्ञ अपने निर्धारित समय पर ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए, जिस पर उन्होंने आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उपायुक्त ने डॉक्टरों एवं स्टाफ के लिए निर्मित आवासीय क्वार्टर का भी निरीक्षण किया, जहां यह जानकारी दी गई कि उक्त भवन का भी अब तक हैंडओवर नहीं हुआ है। इस पर उन्होंने शीघ्र हैंडओवर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। डीसी ने अस्पताल परिसर में जहां-जहां अंधेरा है, वहां विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ करने,सभी पंखों एवं लाइटों को क्रियाशील रखने तथा आवश्यक मरम्मत कार्य तत्काल पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए।

इस अवसर पर जिला भू-अर्जन पदाधिकारी संजय कुमार प्रसाद, सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार, जिला जनसम्पर्क पदाधिकारी पंकज कुमार गिरि, प्रभारी हॉस्पिटल मैनेजर सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



