एसबी एकेडमी में धूमधाम से मनाई गई करमा पूजा

छात्र-छात्राओं के साथ शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी लिया उत्सव का आनंद, लोक संस्कृति और परंपरा का दिखा मनमोहक संगम
मेराल। एसबी एकेडमी लखेया, मेराल में करमा पूजा का पर्व पारंपरिक रीति-रिवाज एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने पारंपरिक संस्कृति और लोक परंपराओं से जुड़ी गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। करमा पूजा के अवसर पर विद्यार्थियों के साथ शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई।

पारंपरिक गीत-संगीत की धुन पर छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने सामूहिक रूप से नृत्य किया। इससे पूरे विद्यालय परिसर में उत्सव और उमंग का माहौल बना रहा। कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्या उर्मिला कुमारी, निदेशक मदन यादव के अलावा शिक्षक दया बैठा, विश्वजीत कुमार पटेल, श्याम सुंदर गोस्वामी, नसीम अहमद, अर्केश कुमार तथा शिक्षिकाएं पानपती कुमारी, सरिता कुमारी, पूजा कुमारी, सोनम कुमारी, रागिनी कुमारी और सुरभि सुमन सहित विद्यालय परिवार के सदस्य मौजूद रहे। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों से विद्यार्थियों को अपनी लोक परंपरा, संस्कृति और विरासत से जुड़ने का अवसर मिलता है। कार्यक्रम का समापन सामूहिक सहभागिता और उल्लास के साथ हुआ।



