टॉप न्यूज़

झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा की तैयारी पूरी, जिले के 26 केंद्रों पर परीक्षा कल

मेराल के प्लस टू उच्च विद्यालय में 458 अभ्यर्थी होंगे शामिल, प्रथम पाली में 288 और द्वितीय पाली में 170 देंगे परीक्षा

बलराम शर्मा

गढ़वा। झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET)-2026 के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। रविवार को जिले के 26 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा की तैयारियों का जायजा लेने के लिए शनिवार को जिला शिक्षा पदाधिकारी जगरनाथ लोहरा एवं जिला शिक्षा अधीक्षक अनुराग मिंज ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।

उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी पशुपति नाथ मिश्रा के निर्देश पर अधिकारियों ने आरके गोविंद प्लस टू हाई स्कूल, आरके रामासाहू सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, आरके पब्लिक स्कूल सोनपुरवा, सूरत पांडे डिग्री कॉलेज (चितना, रहेला रोड) तथा शालिग्राम अग्रवाल मिडिल स्कूल सोनपुरवा सहित अन्य परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा कक्षों में बैठने की व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं अभ्यर्थियों के लिए उपलब्ध अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। संबंधित केंद्राधीक्षकों ने बताया कि परीक्षा के सफल संचालन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

अधिकारियों ने केंद्राधीक्षकों को निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं परीक्षा नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर अनुशासन, पारदर्शिता एवं सुव्यवस्था बनाए रखने के साथ अभ्यर्थियों की सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा जाए। परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिला प्रशासन ने परीक्षा से जुड़े सभी पदाधिकारियों, केंद्राधीक्षकों एवं कर्मियों को आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का निर्देश दिया है। साथ ही अभ्यर्थियों से निर्धारित समय पर अपने परीक्षा केंद्र पहुंचने तथा परीक्षा से संबंधित दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

मेराल केंद्र पर 458 अभ्यर्थी होंगे शामिल

इधर, मेराल प्रखंड मुख्यालय स्थित प्लस टू उच्च विद्यालय में भी परीक्षा की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। विद्यालय के प्रधानाचार्य लालता पटेल ने बताया कि केंद्र पर प्रथम पाली में 288 तथा द्वितीय पाली में 170 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। इसके लिए केंद्र पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली गई हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!