हाईवे 39 पर गढ़वा सदर थाना क्षेत्र के खजुरी पेट्रोल पंप के पास सड़क हादसे में दो युवकों की मौत
पिकअप और बाइक की भीषण टक्कर में हुआ हादसा

मृतकों की पहचान मेराल के मनीष कुमार 25 वर्ष और हारादाग के विशाल कुमार 18 वर्ष के रूप में की गई
बलराम शर्मा
गढ़वा । आज तड़के करीब डेढ़ बजे हाईवे एनएच 39 पर सदर थाना क्षेत्र के खजुरी पेट्रोल पंप के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई जिससे दो परिवारों की खुशियां छीन गई। स्थानीय लोगों के अनुसार तेज रफ्तार अज्ञात पिकअप वैन की टक्कर से बुलेट मोटरसाइकिल सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। मृतकों की पहचान मेराल थाना मुख्यालय के छवआना टोला निवासी व्यास उदय कांत राम का छोटा पुत्र मनीष कुमार 25 वर्ष और रमुना थाना क्षेत्र के हारादाग हरादाग गांव निवासी शुकुल राम का इकलौता पुत्र विशाल कुमार 18 वर्ष के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार मेराल में एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद देर रात्रि दोनों युवक अपने एक रिश्तेदार को बुलेट मोटरसाइकिल से गढ़वा स्टेशन छोड़ने गए थे। रिश्तेदार को स्टेशन पर छोड़ने के बाद दोनों युवक वापस मेराल लौट रहे थे, इसी दौरान खजुरी पेट्रोल पंप के पास एक तेज रफ्तार मवेशी लदा अज्ञात पिकअप वैन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और बुलेट मोटरसाइकिल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस दुर्घटना में दोनों युवकों की दर्दनाक मौत घटनास्थल पर हो गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों के अनुसार मनीष कुमार अपने तीन भाइयों में सबसे छोटा था, जिसकी शादी अगले महीने 19 मई को तय थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन इस हादसे ने परिवार की खुशियां मातम में बदल गया। वहीं विशाल कुमार अपने परिवार का इकलौता पुत्र था, जिसकी असामयिक मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही दोनों परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। घटना के बाद पिकअप चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही गढ़वा सदर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेज दिया। साथ ही फरार वाहन और चालक की तलाश मे जुट गई है। आसपास के क्षेत्रों में जांच की जा रही है।




