चक्रवात ‘अर्णब’ का अलर्ट: गढ़वा के सभी स्कूलों में कल पढ़ाई बंद

शिक्षकों और शिक्षकेतर कर्मचारियों को विद्यालय में उपस्थित रहने का निर्देश
बलराम शर्मा
गढ़वा। चक्रवात ‘अर्णब’ और भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाया है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी पशुपति नाथ मिश्रा के निर्देश पर गुरुवार को जिले के सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों में शैक्षणिक कार्य स्थगित रखने का आदेश जारी किया गया है। जिला शिक्षा जारी आदेश के अनुसार, जिले के सभी प्रारंभिक, माध्यमिक, उच्चतर माध्यमिक एवं निजी विद्यालयों में गुरुवार को पठन-पाठन नहीं होगा। मौसम विभाग ने झारखंड के विभिन्न जिलों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की आशंका जताई है।
शिक्षकों को विद्यालय आना अनिवार्य
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक कार्य स्थगित रहेगा, लेकिन सभी शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारियों को विद्यालय में उपस्थित रहकर गैर-शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन करना होगा। आदेश का पालन सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी संबंधित विद्यालयों को सौंपी गई है।
जिला प्रशासन ने खराब मौसम की आशंका को देखते हुए विद्यार्थियों और अभिभावकों से सतर्क रहने की अपील की है। यह निर्णय विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत लिया गया है।



