90 प्रतिशत अनुदान पर 28 लाभुकों को मिला मत्स्य विपणन किट

स्वरोजगार को बढ़ावा देने और मत्स्य विक्रेताओं की आय बढ़ाने की दिशा में जिला प्रशासन की पहल
गढ़वा। मत्स्य विक्रेताओं को स्वरोजगार से जोड़ने और उनकी आजीविका सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन की ओर से गुरुवार को समाहरणालय परिसर में 28 लाभुकों के बीच मत्स्य विपणन एवं दुकान सज्जा उपकरण किट का वितरण किया गया। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी पशुपति नाथ मिश्रा ने जिला मत्स्य कार्यालय द्वारा संचालित योजना के तहत चयनित लाभुकों को किट प्रदान किए।

इस दौरान 26 लाभुकों को मत्स्य विपणन किट तथा दो लाभुकों को एक्वेरियम शॉप एवं रंगीन मछली दुकान सज्जा उपकरण किट दिए गए। राज्य सरकार की इस योजना के तहत लाभुकों को 90 प्रतिशत अनुदान पर उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

योजना का उद्देश्य मत्स्य विक्रेताओं को व्यवसाय के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना, उनके कारोबार को विस्तार देना तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाना है। वहीं, रंगीन मछली के व्यवसाय से जुड़ने वाले लाभुकों को भी आर्थिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने का अवसर मिलेगा।

जिला प्रशासन की इस पहल से मत्स्य व्यवसाय से जुड़े लोगों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और मत्स्य विपणन व्यवस्था को बेहतर करने में मदद मिलने की उम्मीद है। मौके पर जिला मत्स्य पदाधिकारी धनराज आर. कापसे सहित जिला मत्स्य कार्यालय के कर्मी एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।




