विहंगम योग संत समाज ने रक्तदान कर मानवता की सेवा का दिया संदेश, शिविर लगाकर किया 21 यूनिट रक्त संग्रह

सीएस जे. ओ. कैनेडी ने संस्थान की सेवा भावना का किया सराहना, युवा शक्ति के साथ मातृशक्ति ने भी बढ़ाया कदम
बलराम शर्मा
गढ़वा। किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचाने के लिए बढ़ाया गया एक छोटा-सा कदम भी उसके परिवार के लिए जीवन की सबसे बड़ी उम्मीद बन सकता है। इसी मानवीय भावना को आत्मसात करते हुए बुधवार को विहंगम योग संस्थान की गढ़वा जिला इकाई की ओर से सदर अस्पताल में वृहद रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 21 यूनिट रक्त संग्रह किया गया। रक्तदान करने वाले लोगों ने न केवल मानवता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई, बल्कि समाज को सेवा, समर्पण और सहयोग का संदेश भी दिया।

शिविर का उद्घाटन सदर अस्पताल के सिविल सर्जन (सीएस) जे. ओ. कैनेडी ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने मंगल दीप प्रज्ज्वलित किया तथा सद्गुरुदेव के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धा व्यक्त की। संस्थान के गढ़वा जिला संयोजक सुरेंद्र विश्वकर्मा ने उद्घाटनकर्ता को अंगवस्त्र एवं आध्यात्मिक ग्रंथ स्वर्वेद भेंट कर सम्मानित किया। इसके बाद जिला संयोजक ने विहंगम योग की विचारधारा और रक्तदान शिविर के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए सेवा कार्यों के महत्व को रेखांकित किया। कार्यक्रम का संचालन जिला युवा प्रभारी प्रदीप तिवारी ने किया।
रक्तदान से बड़ा कोई मानवीय सहयोग नहीं
अपने संबोधन में सीएस जे. ओ. कैनेडी ने विहंगम योग संस्थान की सेवा भावना की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान शिविर जैसे आयोजन समाज के लिए अत्यंत उपयोगी हैं। उन्होंने संस्थान की गढ़वा जिला इकाई के प्रयासों को सराहनीय बताया। साथ ही लोगों को अपने खानपान और स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की सलाह दी, ताकि बीमारियों से बचाव हो सके और अस्पताल में उपचार की आवश्यकता कम पड़े।
उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए अपने हाथों से उन्हें प्रमाणपत्र प्रदान किया। शिविर में युवाओं ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई, वहीं मातृशक्ति ने भी रक्तदान के प्रति उत्साह दिखाकर यह संदेश दिया कि मानव सेवा के कार्य में महिलाएं भी पीछे नहीं हैं।
सेवा और समर्पण के साथ रक्तदाताओं का सम्मान
शिविर के दौरान संस्थान के गुरु भाई-बहनों ने रक्तदाताओं के लिए संतुलित आहार की व्यवस्था की। वहीं, रक्त केंद्र की ओर से रक्तदाताओं को फ्रूटी, टोपी और चाभी के छल्ले भेंट किए गए। रक्तदान करने वाले लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए आयोजकों ने कहा कि रक्तदान महज एक सामाजिक गतिविधि नहीं, बल्कि किसी अनजान व्यक्ति को जीवन की नई उम्मीद देने का माध्यम है।
कार्यक्रम में प्रभारी प्रदीप कुमार, सरयू प्रसाद अग्रवाल, सुदामा प्रसाद, रामप्रताप अग्रवाल, किशोरी प्रसाद सोनी, उषा सोनी, शशि तिवारी, किरण तिवारी, जयपाल पासवान, देवेंद्र पांडेय, दिनेश अग्रवाल, संजीत प्रजापति, वासुकीनाथ विश्वकर्मा, दिनेश कश्यप, कुमार गौरव सिंह, कामेश्वर बैठा, अश्विनी पांडेय, माया शर्मा सहित कई लोग उपस्थित थे।
रक्त की एक-एक बूंद किसी जरूरतमंद के लिए जीवन का सहारा बन सकती है। विहंगम योग संस्थान के इस आयोजन ने एक बार फिर साबित किया कि जब आध्यात्मिक चेतना के साथ सामाजिक जिम्मेदारी जुड़ती है, तो सेवा का संकल्प अनेक लोगों के जीवन में आशा की किरण बनकर उभरता है।



