विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी ने ओखरगाड़ा में आदर्श इंटरप्राइजेज इलेक्ट्रिक ऑटो शोरूम का किया उद्घाटन

इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने की दिशा में पहल, ग्राहकों को एक ही छत के नीचे मिलेगी विभिन्न मॉडलों की जानकारी
मेराल। प्रखंड के ओखरगाड़ा में पचफेड़ी मोड़ के समीप मंगलवार को आदर्श इंटरप्राइजेज इलेक्ट्रिक ऑटो शोरूम का शुभारंभ किया गया। स्थानीय विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी ने भाजपा जिलाध्यक्ष उदय कुशवाहा एवं शोरूम के प्रोपराइटर सुबोध प्रसाद गुप्ता सहित अन्य लोगों की मौजूदगी में नारियल फोड़कर एवं फीता काटकर शोरूम का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी ने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहनों के इस्तेमाल से ईंधन की खपत कम होने के साथ लोगों को आर्थिक बचत भी होगी। ओखरगाड़ा में इलेक्ट्रिक वाहन का शोरूम खुलने से मेराल, गढ़वा, मझिआंव सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को वाहन खरीदने में सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। शोरूम के प्रोपराइटर सुबोध प्रसाद गुप्ता ने बताया कि ग्राहकों को उचित मूल्य पर फाइनेंस सुविधा के साथ विभिन्न प्रकार के इलेक्ट्रिक ऑटो उपलब्ध कराए जाएंगे। किसानों और व्यवसायियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए मालवाहक इलेक्ट्रिक वाहन भी उपलब्ध हैं, जिससे सामान ढुलाई में सुविधा होगी। उन्होंने बताया कि शोरूम में करीब 12 अलग-अलग मॉडल के इलेक्ट्रिक वाहन उपलब्ध हैं। ग्राहकों की आवश्यकता के अनुसार वाहनों की जानकारी, मॉडल चयन और खरीद की सुविधा एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही है। उद्घाटन समारोह में गंगा प्रसाद अग्रवाल, बबलू तिवारी, कंचन पांडेय, अभिषेक तिवारी, सुरेश चंद्रवंशी, श्रवण गुप्ता, सुमित श्रीवास्तव, सुजीत कुमार, इन्देश पांडेय सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।




