टॉप न्यूज़

मेराल सीएचसी से पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ

अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने बच्चों को पोलियो की खुराक पिला कर कराया शुभारंभ

बलराम शर्मा
मेराल। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेराल में रविवार को पल्स पोलियो अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन सीओ सह बीडीओ यशवंत नायक, मुखिया राम सागर महतो, विधायक प्रतिनिधि डॉ. लालमोहन तथा प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. वीरेंद्र कुमार आदि ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद अतिथियों ने नन्हे बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाकर अभियान की शुरुआत की।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए प्रत्येक अभिभावक का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं, ताकि कोई भी बच्चा इस जीवनरक्षक दवा से वंचित न रह जाए।
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. वीरेंद्र कुमार ने बताया कि प्रखंड में अभियान के सफल संचालन के लिए कुल 197 बूथ बनाए गए हैं। अभियान के पहले दिन बूथों पर लगभग 64 प्रतिशत लक्षित बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई। शेष बच्चों को स्वास्थ्य विभाग की टीम घर-घर जाकर पोलियो की दवा पिलाएगी, जिससे शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया जा सके।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की सभी टीमें पूरी सक्रियता के साथ कार्य कर रही हैं। अभियान के दौरान आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी सेविकाएं, एएनएम तथा स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगे।
कार्यक्रम में चिकित्सक, प्रधान सहायक विजय कुमार, समय से भी कुलदीप बियार, एएनएम, आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी सेविकाएं एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर पोलियो मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!