गढ़वा में ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ की शुरुआत, उपायुक्त ने दिलाई सामूहिक प्रतिज्ञा

पॉप6 से 20 अगस्त तक देशभर में ’10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महा-अभियान’ संचालित किया जाएगा
गढ़वा। देश को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) तथा प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में चलाए जा रहे “नशा मुक्त भारत अभियान” के तहत मंगलवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जागरूकता एवं प्रतिज्ञा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन उपायुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा ने दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि 6 से 20 अगस्त तक देशभर में ’10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महा-अभियान’ संचालित किया जाएगा। इस अभियान के अंतर्गत विद्यालयों, महाविद्यालयों, स्थानीय समुदायों तथा ब्रह्माकुमारीज़ सेवा केंद्रों के माध्यम से व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित होंगे। उन्होंने सभी नागरिकों, सामाजिक संगठनों एवं युवाओं से इस राष्ट्रव्यापी अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाकर नशामुक्त भारत के निर्माण में योगदान देने की अपील की।
प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, गढ़वा की केंद्र संचालिका ने बताया कि अभियान का उद्देश्य देश के 10 करोड़ नागरिकों को नशामुक्त जीवन का संकल्प दिलाना तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित यह अभियान युवाओं को व्यसन से दूर रखने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
संस्थान के स्थानीय प्रवक्ता ने जानकारी दी कि अभियान के तहत इच्छुक लोगों को निःशुल्क राजयोग मेडिटेशन, आध्यात्मिक शिक्षा, नशामुक्ति परामर्श शिविर, जनजागरूकता रैलियां, नुक्कड़ नाटक और कार्यशालाओं के माध्यम से व्यसनमुक्त जीवन की ओर प्रेरित किया जाएगा। इसका उद्देश्य लोगों की मानसिक शक्ति और आत्मविश्वास को सुदृढ़ कर उन्हें पुनः नशे की गिरफ्त में जाने से रोकना है।
कार्यक्रम के अंत में उपायुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों को “नशा मुक्त भारत प्रतिज्ञा” दिलाकर अभियान को सफल बनाने का सामूहिक संकल्प कराया। इस अवसर पर जिला समाज कल्याण पदाधिकारी अर्चना सिन्हा, डीपीएम जेएसएलपीएस विमलेश शुक्ला, समाहरणालय के विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा ब्रह्माकुमारी संस्थान के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।




