प्रतिभा खोज परीक्षा की तैयारी पूरी, आठ केंद्रों पर 3200 प्रतिभागी होंगे शामिल

गढ़वा। जिला पब्लिक स्कूल समन्वय समिति की ओर से 22वीं प्रतिभा खोज परीक्षा का आयोजन 4 अक्टूबर को जिले के आठ परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा। परीक्षा में विभिन्न विद्यालयों के करीब 3200 विद्यार्थी शामिल होंगे। परीक्षा की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यह जानकारी समिति के सचिव एमपी केसरी ने दी। समिति अध्यक्ष अलखनाथ पाण्डेय ने कहा कि प्रतिभा खोज परीक्षा विद्यार्थियों में प्रतियोगिता की भावना विकसित करने के साथ उनकी छिपी प्रतिभा को निखारने का महत्वपूर्ण मंच है। इस परीक्षा में शामिल होकर कई विद्यार्थी आगे चलकर उच्च पदों पर पहुंचे और जिले व राज्य का नाम रोशन किया है। परीक्षा केंद्रों में गढ़वा के जीएन कॉन्वेंट स्कूल में ग्रुप ए व बी तथा आरके पब्लिक स्कूल के पुराने भवन में ग्रुप सी व डी के परीक्षार्थी शामिल होंगे। मझिआंव के लिए आरके पब्लिक स्कूल ऊंचरी, बिशुनपुरा के लिए आरआरपीडी उच्च विद्यालय, बंशीधर नगर के लिए प्लस टू उच्च विद्यालय, मेराल के लिए प्लस टू उच्च विद्यालय, डंडई के लिए मध्य विद्यालय तसरार तथा रंका के लिए परियोजना उच्च विद्यालय को केंद्र बनाया गया है। परीक्षा के सफल संचालन के लिए केंद्रवार पर्यवेक्षकों की नियुक्ति भी कर दी गई है। आरके पब्लिक स्कूल के लिए अशोक विश्वकर्मा, जीएन कॉन्वेंट के लिए एमपी केसरी, बंशीधर नगर के लिए सुशील केसरी, मझिआंव के लिए सुधीर पाठक, रंका के लिए अनिल विश्वकर्मा, डंडई के लिए मोजीब खान, मेराल के लिए संजय कुशवाहा तथा बिशुनपुरा के लिए कमलेश कुमार दुबे को पर्यवेक्षक बनाया गया है।




