सेवा संकल्प अभियान के तहत मेराल पहुंचेगी भाजपा युवा मोर्चा की सेवा यात्रा

वडनगर से वाराणसी तक बाइक यात्रा, मेराल में 25 फलदार व इमारती पौधों का होगा रोपण
मेराल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत झारखंड प्रदेश भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं की वडनगर से वाराणसी सेवा यात्रा सोमवार को मेराल पहुंचेगी। बाइक के माध्यम से निकाली जा रही यह सेवा यात्रा गढ़वा जिले में विभिन्न सेवा कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद जिला मुख्यालय की ओर प्रस्थान करेगी।
अभियान के तहत सोमवार की सुबह सेवा यात्रा से जुड़े कार्यकर्ता विभिन्न सेवा मूलक कार्यक्रमों में भाग लेते हुए तथा महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण करते हुए मेराल पहुंचेंगे। यहां प्रखंड परिसर में सामूहिक रूप से 25 फलदार एवं इमारती पौधों का रोपण किया जाएगा। पौधरोपण के बाद सेवा यात्रा अगले पड़ाव के लिए रवाना होगी। कार्यक्रम में प्रदेश स्तर के कई प्रमुख भाजपा नेता एवं कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है। भाजपा नेताओं का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भरता, रोजगार, महिला सशक्तिकरण, स्वच्छता और सुरक्षा के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ रहा है। कोरोनाकाल के दौरान आत्मनिर्भर भारत का संकल्प, युवाओं के लिए नए अवसर तथा महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने वाली ‘लखपति दीदी’ जैसी पहल का उल्लेख करते हुए पार्टी ने इसे जनसेवा से जोड़कर देखा है। पार्टी के अनुसार, वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प में जनभागीदारी महत्वपूर्ण है। इसी उद्देश्य से ‘एक संकल्प विकसित भारत का’ संदेश के साथ सेवा, पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। सेवा संकल्प अभियान के जिला सह संयोजक डॉ. लाल मोहन ने कार्यकर्ताओं एवं आम लोगों से कार्यक्रम में सहभागिता की अपील की है।


