रमना में मिली रहस्यमयी तिजोरी खुली तो निकला पारंपरिक गहना ‘सिरजाना’

रमना में मिली रहस्यमयी तिजोरी खुली तो निकला पारंपरिक गहना ‘सिरजाना’
गैस कटर से काटकर खोली गई लोहे की तिजोरी, पुराने सिक्कों से बनी गले की माला बरामद; खजाने की चर्चाओं पर लगा विराम
गढ़वा। जिले के रमना नीचली बाजार में विगत दिनों की खुदाई के दौरान मिली लोहे की तिजोरी का रहस्य सोमवार देर शाम खुल गया। प्रशासनिक अधिकारियों और संबंधित दावेदारों की मौजूदगी में गैस कटर से तिजोरी को काटकर खोला गया। तिजोरी के भीतर से पुराने जमाने में महिलाओं द्वारा गले में पहना जाने वाला पारंपरिक गहना ‘सिरजाना’ बरामद हुआ। पुराने सिक्कों अथवा रुपयों को गुंथकर बनाए गए इस गहने के मिलने के साथ ही तिजोरी को लेकर पिछले कई दिनों से चल रही तरह-तरह की चर्चाओं और खजाने की अटकलों पर विराम लग गया। तिजोरी खोलने की पूरी प्रक्रिया सोमवार देर शाम रमना थाना परिसर में सुरक्षा और पारदर्शिता के बीच पूरी की गई। मौके पर एसडीओ प्रभाकर मिर्धा, एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह, सीओ विकास पांडेय, थाना प्रभारी आदित्य कुमार नायक सहित संबंधित संपत्ति के दावेदार मौजूद रहे। अधिकारियों की मौजूदगी में गैस कटर से तिजोरी का मजबूत दरवाजा काटा गया और उसके अंदर रखी सामग्री को बाहर निकाला गया। तिजोरी खुलने के बाद उसके अंदर से निकला पारंपरिक गहना ‘सिरजाना’ लोगों के लिए कौतूहल का विषय बन गया। पुराने सिक्कों/रुपयों को आपस में गुंथकर तैयार किया गया यह गहना अपने आप में उस दौर की पारंपरिक आभूषण संस्कृति की झलक देता है। तिजोरी से किसी बड़े खजाने या बहुमूल्य धातु के मिलने की उम्मीद लगाए बैठे लोगों को इससे जरूर निराशा हुई। तिजोरी खुलने के बाद स्थानीय स्तर पर चुटकी लेते हुए यह चर्चा भी सुनने को मिली—“खोदा पहाड़, निकली चुहिया!” गौरतलब है कि 12 सितंबर को रमना नीचे बाजार में एक जमीन की नींव की खुदाई के दौरान जेसीबी की कुदाल से यह भारी लोहे की तिजोरी बरामद हुई थी। तिजोरी मिलने के बाद क्षेत्र में इसके भीतर खजाना होने को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं और अफवाहें फैलने लगी थीं। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने तिजोरी को अपने कब्जे में लेकर रमना थाना परिसर में सुरक्षित रखवा दिया था। प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी करने और संबंधित दावेदारों की मौजूदगी सुनिश्चित करने के बाद सोमवार को तिजोरी खोली गई। बरामद सामग्री की सूची तैयार की जा रही है। प्रशासन की ओर से सुरक्षा और कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। तिजोरी के भीतर से निकले पारंपरिक गहने ने हालांकि रहस्य से पर्दा उठा दिया, लेकिन उसके पुराने होने और वास्तविक मूल्य को लेकर अब भी लोगों में उत्सुकता बनी हुई है।




