टॉप न्यूज़

आचार्य बालकृष्ण के अवतरण दिवस पर गढ़वा में मनाया गया जड़ी-बूटी दिवस

श्रीरामलला मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ औषधीय पौधों के संरक्षण एवं उपयोग को लेकर लोगों को किया गया जागरूक

बलराम शर्मा

गढ़वा (जनहित न्यूज़)। पतंजलि योग समिति सह भारत स्वाभिमान ट्रस्ट जिला इकाई के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को आयुर्वेद शिरोमणि आचार्य बालकृष्ण जी के अवतरण दिवस के अवसर पर शहर के श्रीरामलला मंदिर परिसर में श्रद्धा, सेवा और प्रकृति संरक्षण की भावना के साथ जड़ी-बूटी दिवस मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना एवं आरती से हुई, जिसके बाद उपस्थित लोगों को जड़ी-बूटी दिवस की महत्ता तथा औषधीय पौधों के संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।

मुख्य अतिथि पतंजलि योग समिति के सह राज्य प्रभारी रास बिहारी तिवारी ने कहा कि भारतीय संस्कृति में जड़ी-बूटियां केवल औषधि नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन का आधार हैं। उन्होंने प्रत्येक परिवार से अपने घरों एवं आसपास औषधीय पौधे लगाने का आह्वान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भारत स्वाभिमान ट्रस्ट के जिला प्रभारी संतोष कुमार चौबे ने की, जबकि संचालन कोषाध्यक्ष सत्य नारायण दूबे ने किया।

सोशल मीडिया राज्य प्रभारी संतोष कुमार पांडेय ने जड़ी-बूटी दिवस की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आयुर्वेद और प्राकृतिक चिकित्सा मानव जीवन को निरोग बनाने की सबसे प्राचीन एवं प्रभावी पद्धति है। कार्यक्रम में आनंद मोहन तिवारी, अरविंद कुमार मिश्रा, सुरेंद्र प्रसाद केसरी, प्रदीप केसरी, सुशील केसरी, विवेकानंद पांडेय सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!