टॉप न्यूज़

मौन हुआ गढ़वा समाहरणालय, मंत्री सुदिव्य कुमार को भावपूर्ण श्रद्धांजलि

डीसी – एसपी समेत जिला प्रशासन ने नम आंखों से किया नमन, कहा – असामयिक निधन झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति

गढ़वा। झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार के असामयिक निधन से पूरा राज्य शोक में डूबा है। मंगलवार को गढ़वा समाहरणालय में जिला प्रशासन की ओर से शोकसभा आयोजित कर दिवंगत मंत्री को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान माहौल पूरी तरह गमगीन रहा और उपस्थित पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। शोकसभा में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी पशुपति नाथ मिश्रा, पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर समेत जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के वरीय पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहे। सभी ने दिवंगत मंत्री के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।

उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा ने कहा कि सुदिव्य कुमार का असमय निधन झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके निधन से पूरा राज्य मर्माहत और शोकाकुल है। उन्होंने कहा कि दिवंगत मंत्री कर्मठ, संवेदनशील और दूरदर्शी जनप्रतिनिधि थे, जिन्होंने जनभावनाओं और जनसेवा को प्राथमिकता देते हुए राज्य के विकास के लिए निरंतर कार्य किया। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण और जनहित के प्रति सुदिव्य कुमार की प्रतिबद्धता हमेशा याद की जाएगी। उनका असमय जाना राज्य और समाज के लिए ऐसी क्षति है, जिसकी भरपाई संभव नहीं।

शोकसभा के अंत में ईश्वर से दिवंगत आत्मा की चिरशांति तथा शोक संतप्त परिवार को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!