समन्वय समिति ने मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू को दी भावभीनी श्रद्धांजलि

बोले अलखनाथ : सोनू का असमय निधन झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति
गढ़वा। जिला पब्लिक स्कूल समन्वय समिति, गढ़वा की ओर से रविवार को शोकसभा आयोजित कर झारखंड सरकार के दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा उनके व्यक्तित्व और कृतित्व को स्मरण किया।
समिति के अध्यक्ष अलखनाथ पाण्डेय ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू एक सुलझे हुए, गंभीर और दूरदर्शी मंत्री थे। उनका कार्यकाल बेदाग रहा और उन्होंने अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन किया। उन्होंने कहा कि सोनू का अचानक निधन झारखंड के लिए बहुत बड़ी और अपूरणीय क्षति है।

उन्होंने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू सरकार के मजबूत स्तंभ के रूप में अपनी भूमिका निभा रहे थे। वे गंभीर स्वभाव के साथ-साथ विषयों के गहन जानकार थे और झारखंड के विकास के लिए उन्होंने उल्लेखनीय कार्य किए। उनका असमय चले जाना राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र के साथ-साथ पूरे राज्य के लिए एक बड़ी रिक्तता छोड़ गया है। शोकसभा में समिति के उपाध्यक्ष सुशील कुमार केसरी, सचिव एम.पी. केसरी, कोषाध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा, संयुक्त सचिव संजय सोनी, सिस्टर शांति, सिस्टर करुणा, महेंद्र विश्वकर्मा, चंद्रभूषण सिन्हा, भोलानाथ साहू, ललन साहू सहित बड़ी संख्या में निजी विद्यालयों के निदेशक एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में दिवंगत मंत्री के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए कहा कि उनके योगदान और कार्यों को लंबे समय तक याद किया जाएगा।




