डीसी के अल्टीमेटम के बाद भी मनरेगा कर्मियों की हड़ताल जारी

संघ जिलाध्यक्ष अभिमन्यु ने सरकार और विभागीय अधिकारियों से सकारात्मक पहल कर वार्ता के माध्यम से समाधान निकालने का किया है अपील
गढ़वा। उपायुक्त द्वारा 24 घंटे के भीतर काम पर लौटने के अल्टीमेटम के बावजूद मनरेगा कर्मी काम पर नहीं लौटे। झारखंड राज्य मनरेगा कर्मचारी संघ, जिला इकाई गढ़वा के बैनर तले कर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल मंगलवार को 93वें दिन भी जारी रही।
जिलाध्यक्ष अभिमन्यु तिवारी के नेतृत्व में संघ के प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर लंबित मांगों के समाधान के लिए हस्तक्षेप की मांग की। संघ ने कहा कि जब तक मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
कर्मियों का कहना है कि कम मानदेय, स्थायी समायोजन, ग्रेड-पे आधारित वेतन, सामाजिक सुरक्षा तथा मृत कर्मियों के आश्रितों को अनुकंपा नियुक्ति जैसी मांगें लंबे समय से लंबित हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व में हुए समझौतों को भी अब तक लागू नहीं किया गया है।
संघ ने सरकार और विभागीय अधिकारियों से सकारात्मक पहल कर वार्ता के माध्यम से समाधान निकालने की अपील की है।



