संतृप्त ग्राम अभियान के तहत भुइयाँ टोला में बीमा एवं वित्तीय जागरूकता शिविर आयोजित

मेराल। प्रखंड के टेटूका कला एवं टेटूका खुर्द स्थित भुइयाँ टोला में संतृप्त ग्राम अभियान के तहत बैंकिंग प्रतिनिधि (बीसी) के सहयोग से बीमा एवं वित्तीय जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में अग्रगति संस्था के सीएफएल समन्वयक गुरुदेव विश्वकर्मा एवं प्रशिक्षिका अंजू कुमारी ने ग्रामीणों को वित्तीय समावेशन और वित्तीय साक्षरता की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बचत की आदत विकसित करने, घरेलू बजट बनाने, बैंक खाते के लाभ, डिजिटल भुगतान, साइबर धोखाधड़ी के तरीके तथा उससे बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से बताया।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना और प्रधानमंत्री जनधन योजना की जानकारी देते हुए सभी खाताधारकों से अपने बैंक खाते की केवाईसी कराने तथा नॉमिनी का नाम अनिवार्य रूप से दर्ज कराने की अपील की गई।
गुरुदेव विश्वकर्मा ने केंद्रीय केवाईसी (सीकेवाईसी), हेल्पलाइन नंबर 7799022129, राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 तथा भारतीय रिजर्व बैंक के टोल फ्री नंबर 14448 की जानकारी देते हुए कहा कि साइबर ठगी की किसी भी घटना की तत्काल शिकायत कर समय पर सहायता प्राप्त की जा सकती है।
शिविर में झारखंड ग्रामीण बैंक के बैंकिंग प्रतिनिधि राहुल कुमार ने बीमा और नए बैंक खाते खोलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस दौरान 20 खाताधारकों का बीमा किया गया, 9 निष्क्रिय बैंक खातों को पुनः सक्रिय किया गया तथा 2 नए बैंक खाते खोले गए।
कार्यक्रम में वार्ड सदस्य सहित सुरेंद्र राम, विजय चंद्रवंशी, आलोक राम, शुभम कुमार, काजल कुमारी, शीला देवी, राधिका देवी, बेबी कुमारी, मंजू देवी एवं अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।




