या अली-या हुसैन के नारों से गूंजा वातावरण

मेराल के दर्जनों गांव में मुहर्रम पर निकला मातमी जुलूस
बलराम शर्मा
मेराल। मुहर्रम के अवसर पर गुरुवार को प्रखंड मुख्यालय सहित विभिन्न गांवों में मुस्लिम समुदाय द्वारा नवमी का मातमी जुलूस निकाला गया। मेराल, पचपेड़ी, ओखरगाडा, चामा, तिसरटेटूका, हासनदाग, बाना, लोवादाग सहित कई गांव में निकाली गई जुलुश में बड़ी संख्या में महिला पुरुष व बच्चे शामिल रहे। ढोल, नगाड़े और ताशों की धुन पर निकले जुलूस में शामिल अकीदतमंद “या अली” और “या हुसैन” के नारे लगाते रहे जिससे पूरा वातावरण धार्मिक आस्था और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
अखाड़ों में युवाओं ने दिखाए पारंपरिक करतब
जुलूस में शामिल विभिन्न अखाड़ों के युवाओं ने तलवार, लाठी एवं अन्य पारंपरिक अस्त्र-शस्त्रों के साथ आकर्षक और रोमांचक करतबों का प्रदर्शन किया। युवाओं के हैरतअंगेज खेलों ने लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। वहीं छोटे-छोटे बच्चों ने भी अपने हुनर का प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों से खूब वाहवाही बटोरी।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन रहा मुस्तैद
मुहर्रम जुलूस को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद नजर आया। जुलूस मार्ग एवं संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। अधिकारियों द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही थी ताकि जुलूस शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
मुहर्रम के इस अवसर पर क्षेत्र में आपसी भाईचारे, सामाजिक सद्भाव और धार्मिक सौहार्द का संदेश देखने को मिला।


