टॉप न्यूज़

गोविंद हाई स्कूल में सड़क सुरक्षा अभियान के तहत विद्यार्थियों को बताए यातायात के नियम

हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने और नाबालिगों को वाहन नहीं चलाने देने के प्रति किया जागरूक

गढ़वा। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और विद्यार्थियों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से गोविंद हाई स्कूल में सड़क सुरक्षा टीम द्वारा जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के महत्व की जानकारी देते हुए नियमों का पालन करने की अपील की गई। जागरूकता कार्यक्रम में जिला सड़क सुरक्षा प्रबंधक संजय बैठा, बिनय रंजन तिवारी एवं विद्यालय के प्राचार्य विजय सिंह ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण नियमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन कर सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सकता है। इसके लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी।

अभियान के दौरान विद्यार्थियों को दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही नाबालिगों को वाहन नहीं चलाने देने और सड़क पार करते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई। वक्ताओं ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और अपने परिवार के सदस्यों तथा आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि थोड़ी-सी लापरवाही भी गंभीर सड़क दुर्घटना का कारण बन सकती है। इसलिए सुरक्षित यातायात के लिए सतर्कता और नियमों का पालन बेहद जरूरी है। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने और जागरूकता का संदेश समाज के अन्य लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!