टॉप न्यूज़

राज्य स्तरीय रोड साइक्लिंग में मेराल हाईस्कूल के आशीष ने जीता स्वर्ण पदक

280 खिलाड़ियों के बीच 12 किमी रेस में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय, मेराल प्रखण्ड और गढ़वा जिले का बढ़ाया मान

बलराम शर्मा
मेराल। झारखंड राज्य साइक्लिंग संघ के निर्देशानुसार धनबाद जिला साइक्लिंग संघ के तत्वावधान में आयोजित 13वीं झारखंड राज्य रोड साइक्लिंग प्रतियोगिता में गढ़वा जिले के मेराल प्रखंड के युवा खिलाड़ी आशीष कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। धनबाद के 8 लेन रोड पर 17 से 18 सितंबर तक आयोजित प्रतियोगिता में राज्य के विभिन्न जिलों से करीब 280 बालक-बालिका खिलाड़ियों ने अलग-अलग आयु वर्गों में हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के सब-जूनियर वर्ग में राजकीय उच्च विद्यालय मेराल के कक्षा 10 के छात्र आशीष कुमार ने 12 किलोमीटर रोड साइक्लिंग स्पर्धा में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पूरे झारखंड में प्रथम स्थान प्राप्त किया और स्वर्ण पदक अपने नाम किया। आशीष की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार के साथ-साथ मेराल प्रखंड और गढ़वा जिले में भी खुशी की लहर है।

आशीष की इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक लालता पटेल, वरीय शिक्षक मनोज कुमार चौधरी, शारीरिक शिक्षक सुशील कुमार तिवारी, वकील कुमार तिवारी, अनिल कुमार सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उसे बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। वहीं झारखंड राज्य साइक्लिंग संघ के महासचिव शैलेंद्र पाठक, गढ़वा जिला साइक्लिंग संघ के सचिव अरविंद दुबे, कोषाध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता, अजय कांत, चंद्रबहादुर सिंह, धर्मेंद्र पाल सहित अन्य खेलप्रेमियों ने भी आशीष की इस उपलब्धि पर खुशी जताई और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

राजकीय कृत उच्च विद्यालय मेराल के शारीरिक शिक्षक सुशील कुमार तिवारी ने कहा कि आशीष खेल के प्रति सजग, मेहनती और पूरी तरह समर्पित खिलाड़ी है। उसका जुनून और निरंतर मेहनत निश्चित रूप से उसे आगे ले जाएगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि आशीष आने वाले समय में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भी पदक हासिल कर झारखंड का नाम रोशन करेगा।

आशीष की यह उपलब्धि ग्रामीण क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं के लिए भी प्रेरणादायी मानी जा रही है। सीमित संसाधनों के बावजूद कड़ी मेहनत और लगन के दम पर राज्य स्तर पर स्वर्ण पदक हासिल कर आशीष ने यह साबित किया है कि प्रतिभा को अवसर और सही मार्गदर्शन मिले तो वह बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!