केवाईसी अपडेट के नाम पर साइबर ठगी, यूको बैंक प्रबंधक ने एसपी से की जांच की मांग

बैंक ने ग्राहकों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति को ओटीपी, एटीएम कार्ड नंबर, सीवीवी, नेट बैंकिंग पासवर्ड या अन्य गोपनीय बैंकिंग जानकारी साझा न करें
गढ़वा। यूको बैंक गढ़वा शाखा के ग्राहकों से केवाईसी अपडेट कराने के नाम पर फर्जी कॉल कर साइबर ठगी करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में यूको बैंक गढ़वा शाखा के प्रबंधक ऋषांत कुमार श्रीवास्तव ने पुलिस अधीक्षक गढ़वा को आवेदन देकर मामले की जांच तथा संबंधित मोबाइल नंबर की ट्रेसिंग कराने की मांग की है।
शाखा प्रबंधक द्वारा दिए गए आवेदन में बताया गया है कि पिछले पांच-छह दिनों से मोबाइल नंबर 7061719294 से लगातार बैंक ग्राहकों को कॉल किया जा रहा है। कॉल करने वाला व्यक्ति स्वयं को यूको बैंक गढ़वा शाखा का प्रबंधक बताकर ग्राहकों से केवाईसी अपडेट कराने के लिए व्यक्तिगत बैंकिंग जानकारी, ओटीपी एवं अन्य गोपनीय विवरण साझा करने का दबाव बना रहा है।
आवेदन के अनुसार अब तक लगभग 20 ग्राहक इस संबंध में जानकारी लेने के लिए शाखा पहुंच चुके हैं। वहीं दो से तीन ग्राहक साइबर ठगी का शिकार भी हो चुके हैं तथा उन्होंने फर्जी कॉल प्राप्त होने के बाद उनके खातों से अनधिकृत वित्तीय लेन-देन की शिकायत की है।
शाखा प्रबंधक ने कहा है कि ठग बैंक के नाम का दुरुपयोग कर ग्राहकों में भ्रम और भय का माहौल बना रहे हैं, जिससे बैंक की साख और ग्राहकों का विश्वास प्रभावित हो रहा है। उन्होंने आशंका जताई है कि यह एक सुनियोजित साइबर अपराध है, जो बैंक और उसके ग्राहकों को निशाना बनाकर संचालित किया जा रहा है।
यूको बैंक प्रबंधन ने पुलिस से मामले की गंभीरता को देखते हुए मोबाइल नंबर की ट्रेसिंग कर दोषियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी एवं साइबर अपराध संबंधी कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि आम लोगों को आर्थिक नुकसान से बचाया जा सके।
बैंक की अपील: यूको बैंक के शाखा प्रबंधक श्री ऋषांत ने ग्राहकों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति को ओटीपी, एटीएम कार्ड नंबर, सीवीवी, नेट बैंकिंग पासवर्ड या अन्य गोपनीय बैंकिंग जानकारी साझा न करें। बैंक कभी भी फोन पर इस प्रकार की जानकारी नहीं मांगता है।



