रांची में दारोगा के घर बड़ी लूट, 30 लाख नकद और 250 ग्राम सोने के जेवरात ले गए बदमाश

बेटी को बंधक बनाकर वारदात का आरोप, तीज का सामान खरीदने बाजार गई थी मां; पुलिस जांच में जुटी
रांची। राजधानी रांची के सदर थाना क्षेत्र स्थित बैंक कॉलोनी, टंगराटोली में एक दारोगा के घर बड़ी लूट की घटना सामने आई है। बदमाशों ने घर से करीब 30 लाख रुपये नकद और लगभग 250 ग्राम सोने के जेवरात ले जाने का आरोप है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, गोड्डा में पदस्थापित दारोगा धनंजय साही की पत्नी संजू देवी ने सदर थाना में आवेदन देकर घटना की जानकारी दी है। आवेदन के मुताबिक, 13 सितंबर की शाम संजू देवी तीज का सामान खरीदने बाजार गई थीं, जबकि उनका बेटा ट्यूशन पढ़ाने गया था। उस समय घर में उनकी बेटी अकेली थी।
आरोप है कि इसी दौरान एक व्यक्ति घर में दाखिल हुआ और बेटी को बंधक बना लिया। इसके बाद अलमारी में रखे करीब 30 लाख रुपये नकद और लगभग 250 ग्राम सोने के आभूषण लेकर फरार हो गया।
परिजनों के अनुसार, घर में रखी नकदी चार भाइयों ने जमीन खरीदने के उद्देश्य से जुटाई थी। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। पुलिस आसपास के क्षेत्र में भी जांच-पड़ताल कर रही है।

जांच के दौरान अलमारी पर परिवार के सदस्यों के पहले से मौजूद हाथों के निशान मिलने की बात सामने आई है, जिससे पुलिस के लिए साक्ष्यों की पड़ताल चुनौतीपूर्ण हो गई है। फिलहाल पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच करते हुए संदिग्ध की तलाश में जुटी है।



