मेराल में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई गणेश चतुर्थी

प्राचीन शिव मंदिर व छठ घाट शिव मंदिर में विधि-विधान से हुई भगवान गणेश की पूजा, सुख-समृद्धि की कामना
मेराल। प्रखंड मुख्यालय सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में सोमवार को गणेश चतुर्थी का पर्व श्रद्धा, आस्था एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विभिन्न पूजा स्थलों पर भगवान गणेश की विधिवत पूजा-अर्चना कर श्रद्धालुओं ने सुख-समृद्धि, शांति एवं परिवार की खुशहाली की कामना की।
मेराल के प्राचीन शिव मंदिर एवं छठ घाट शिव मंदिर परिसर में महिला श्रद्धालुओं ने विशेष पूजा-अर्चना की। पुरोहित पंडित दिनेश पाठक ने विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान गणेश की पूजा संपन्न कराई। पूजा को लेकर सुबह से ही श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

महिला श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश को फूल, फल, लड्डू सहित विभिन्न पूजन सामग्री अर्पित कर श्रद्धापूर्वक पूजा की। इस दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने विघ्नहर्ता भगवान गणेश से जीवन के सभी संकटों को दूर करने तथा परिवार में सुख, शांति और समृद्धि बनाए रखने की प्रार्थना की।
मान्यता के अनुसार भगवान गणेश को प्रथम पूज्य एवं विघ्नहर्ता माना जाता है। किसी भी शुभ कार्य की शुरुआत से पहले भगवान गणेश की पूजा करने की परंपरा है। इसी आस्था के साथ श्रद्धालुओं ने गणेश चतुर्थी के अवसर पर पूरे भक्तिभाव से पूजा-अर्चना की।



