टॉप न्यूज़

गढ़वा की सियासत में गरमाहट : विधायक पर बरसे धीरज दुबे, कहा-‘झूठ, ठगी और गाली-गलौज में नंबर वन

झामुमो नेता ने विधायक पर जनहित के मुद्दों की अनदेखी और राजनीतिक बयानबाजी का लगाया आरोप, चापाकल, चुनावी खर्च व बालू के मुद्दे पर भी उठाए सवाल

गढ़वा। झारखंड मुक्ति मोर्चा के मीडिया पैनलिस्ट सह केंद्रीय सदस्य धीरज दुबे ने गढ़वा विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने विधायक पर झूठ बोलने, जनता को ठगने और अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जनहित के मुद्दों पर जवाब देने के बजाय व्यक्तिगत टिप्पणी और विपक्षी कार्यकर्ताओं के निजी मामलों में हस्तक्षेप को प्राथमिकता दी जा रही है। धीरज दुबे ने कहा कि विधायक के तीसरे कार्यकाल का दूसरा वर्ष चल रहा है, लेकिन रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, सिंचाई, बिजली और खराब पड़े ट्रांसफॉर्मरों जैसे बुनियादी सवाल अब भी बने हुए हैं। उन्होंने पिछले वर्ष लगाए गए 81 चापाकलों का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि इनमें 24 चापाकल अकेले उड़सूगी पंचायत में लगाए गए। उन्होंने दावा किया कि जरूरतमंदों के बजाय संपन्न लोगों को कथित रूप से रुपये लेकर चापाकल उपलब्ध कराया गया। कई जगह नियमों की अनदेखी तथा निर्धारित गहराई के बजाय कम गहराई तक बोरिंग किए जाने का भी आरोप लगाया। झामुमो ने मामले की जांच की मांग किए जाने की बात कही।चुनावी खर्च को लेकर भी धीरज दुबे ने विधायक पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि विधायक द्वारा चुनाव खर्च को लेकर किए जा रहे दावों और विधानसभा चुनाव के हलफनामे में दर्ज 37,51,939 रुपये के खर्च के बीच अंतर को स्पष्ट किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता को राजनीतिक बयानबाजी के बजाय आंकड़ों और तथ्यों के साथ जवाब मिलना चाहिए।धीरज दुबे ने आरोप लगाया कि विधायक जनसेवा के बजाय ठेकेदारों, क्रशर प्लांट और कमीशन से जुड़े मामलों में अधिक सक्रिय नजर आते हैं। उन्होंने कहा कि यदि विधायक लगातार जांच की बात करते हैं तो जनता के बुनियादी सवालों पर भी ठोस पहल दिखनी चाहिए।

बालू के मुद्दे पर भी लगाए आरोप

बालू के मुद्दे पर धीरज दुबे ने विधायक पर कथित तौर पर बालू चोरी को संरक्षण देने का आरोप लगाया। उन्होंने महूलिया में बालू लदे ट्रैक्टर से हुई दो लोगों की मौत का उल्लेख करते हुए कहा कि घटना के बाद पीड़ित परिवार से मिलने विधायक नहीं पहुंचे। प्रशासन के साथ हुई झड़प के बाद ग्रामीणों के न्यायालय के चक्कर लगाने का भी उन्होंने दावा किया। झामुमो नेता ने पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर और झामुमो कार्यकर्ताओं के खिलाफ कथित अमर्यादित टिप्पणियों को लेकर भी विधायक पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत टिप्पणी और गाली-गलौज से जनता की समस्याओं का समाधान नहीं होगा। उन्होंने विधायक से ऐसी राजनीति से बाज आने की अपील की। उन्होंने विधायक पर राजनीतिक दल बदलने वाले नेताओं-कार्यकर्ताओं को लेकर दोहरा मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा में रहने के दौरान जिन लोगों का चरित्र ठीक बताया जाता था, झामुमो में आने के बाद वही लोग निशाने पर आ जाते हैं। उन्होंने कहा कि जनता इस राजनीतिक रवैये को समझ रही है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिला सचिव शरीफ अंसारी, कोषाध्यक्ष चंदन जायसवाल, संगठन सचिव चंदन पासवान, राजा सिंह, प्रियम सिंह, हरिओम यादव, निशांत चतुर्वेदी, लल्लू मेहता सहित अन्य झामुमो कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!