सेवा संकल्प अभियान से जनसेवा को मिलेगी नई गति : सत्येंद्रनाथ तिवारी

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा भाजपा का एक माह का सेवा संकल्प अभियान, सामाजिक एवं जनसेवा से जुड़े कार्यक्रमों का होगा आयोजन
गढ़वा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान के तहत जिले में सामाजिक सरोकार और जनसेवा से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
भाजपा विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी ने रविवार को गढ़वा स्थित अपने आवास पर आयोजित संवाददाता सम्मेलन में अभियान की जानकारी देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सार्वजनिक जीवन देशसेवा के लिए समर्पित रहा है। उनके मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक के लंबे कार्यकाल में देश ने विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण बदलाव देखे हैं। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ता इन उपलब्धियों को आम लोगों तक पहुंचाने के साथ जनसेवा के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाएंगे।

उन्होंने बताया कि अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर होगी। इसके बाद रक्तदान, अंगदान, स्वच्छता अभियान सहित विभिन्न सामाजिक एवं जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान से जुड़े कार्यकर्ता बूथ स्तर से लेकर गांव-गांव तक पहुंचकर लोगों को केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं और उनके लाभ की जानकारी देंगे।
विधायक ने कहा कि गांव-गांव तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की उपलब्धियों को पहुंचाना अभियान का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से पहले और उसके बाद देश में हुए बदलावों को भी जनता के सामने रखा जाएगा।
उन्होंने बताया कि गढ़वा जिले में बाइपास सड़क निर्माण, उज्ज्वला योजना के तहत महिलाओं को गैस कनेक्शन, शौचालय निर्माण सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचा है। अभियान के दौरान इन योजनाओं की जानकारी भी आमजन तक पहुंचाई जाएगी।
विपक्ष के आरोपों पर भी विधायक ने दी प्रतिक्रिया
संवाददाता सम्मेलन के दौरान एएमडीआर विधेयक को लेकर विपक्षी दलों की ओर से लगाए जा रहे आरोपों पर भी विधायक ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने राज्य सरकार पर युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर निशाना साधते हुए कहा कि छात्र और युवा आंदोलनों के दौरान नियुक्तियों एवं रोजगार से जुड़े मामलों को लेकर सरकार से सवाल किए जा रहे हैं।
इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष उदय कुमार कुशवाहा, पूर्व सांसद घूरन राम, जिला महामंत्री जितेंद्र चंद्रवंशी, विनोद चंद्रवंशी, विवेकानंद तिवारी, अरविंद पटवा, विकास तिवारी, इंद्रेश पांडेय, लक्ष्मी पांडेय सहित अन्य भाजपा नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।



