स्वतंत्रता दिवस मुख्य समारोह को लेकर परेड का अंतिम पूर्वाभ्यास संपन्न

15 अगस्त को सुबह 09:00 बजे होगा मुख्य समारोह में झंडोत्तोलन
गढ़वा। स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह की तैयारियों के क्रम में बुधवार को शहर स्थित गोविंद इंटर कॉलेज (टाउन हॉल) के मैदान में परेड का अंतिम पूर्वाभ्यास संपन्न हुआ। आगामी 15 अगस्त 2026 को सुबह 09:00 बजे इसी मैदान में स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह का आयोजन किया जाएगा, जहां झंडोत्तोलन किया जाएगा।

परेड के अंतिम पूर्वाभ्यास का उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी पशुपति नाथ मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर ने संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने परेड की तैयारियों का जायजा लेते हुए विभिन्न टुकड़ियों द्वारा प्रस्तुत पूर्वाभ्यास परेड की सलामी भी ली। इस दौरान विभिन्न प्लाटूनों ने अनुशासन, कदमताल और समन्वय का शानदार प्रदर्शन करते हुए आकर्षक एवं भव्य परेड का स्वरूप प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा ने परेड में शामिल जवानों एवं प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि गढ़वा में इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस की परेड शानदार और आकर्षक दिखनी चाहिए। उन्होंने सभी टुकड़ियों से पूरे स्वाभिमान, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ परेड में शामिल होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अंतिम समारोह में परेड को और बेहतर बनाने के लिए सभी प्रतिभागी अपना शत-प्रतिशत योगदान दें।
परेड पूर्वाभ्यास के दौरान अधिकारियों ने समारोह स्थल की व्यवस्थाओं एवं तैयारियों की भी समीक्षा की। प्रशासन की ओर से स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य, गरिमापूर्ण एवं सुव्यवस्थित तरीके से आयोजित करने की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
इस मौके पर डीडीसी प्रेमलता मुर्मू, अपर समाहर्ता विकास कुमार राय, एसडीएम मयंक भूषण, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी राजेश कुमार, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) यशोधरा, नजारत उप समाहर्ता पंकज कुमार गिरि, गढ़वा के बीडीओ एवं सीओ, कार्यपालक दंडाधिकारी मोहम्मद हुसैन, कार्यपालक अभियंता भवन प्रमंडल प्रेमलाल सिंह सहित जिला एवं पुलिस प्रशासन के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।



