पतंजलि योग समिति द्वारा गढ़वा वन प्रमंडल कॉलोनी में किया गया निःशुल्क योग कक्षा का शुभारंभ

सुबह 5:15 बजे से नियमित होगा योगाभ्यास, बीपी, शुगर, थायरॉयड, मोटापा व हृदय रोग से बचाव की दी गई जानकारी
गढ़वा (जनहित न्यूज लाइव। वन प्रमंडल विभाग कॉलोनी स्थित सामुदायिक भवन के सभागार में मंगलवार को पतंजलि योग समिति के तत्वाधान में निःशुल्क नियमित योग कक्षा का शुभारंभ किया गया। बीएसटी जिला प्रभारी संतोष कुमार चौबे तथा जिला संगठन मंत्री सह मुख्य योग शिक्षक प्रदीप केशरी के मार्गदर्शन में सुबह 5:15 बजे से योगाभ्यास कराया गया।

इस अवसर पर उपस्थित साधकों को योग के महत्व और नियमित अभ्यास से होने वाले लाभों की जानकारी दी गई। योग शिक्षकों ने बीपी, शुगर, थायरॉयड, मोटापा, जोड़ों के दर्द एवं हृदय संबंधी समस्याओं से बचाव में योग की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। साथ ही स्वस्थ जीवनशैली के लिए संतुलित आहार एवं उचित आहार-विहार अपनाने की सलाह दी गई।
कार्यक्रम में वन प्रमंडल उत्तरी के प्रधान लिपिक संजय कुमार, वन प्रमंडल दक्षिणी के प्रभारी प्रधान लिपिक ब्रह्मदेव महतो, विजय कुमार सोनी, समिति के राज्य मीडिया प्रभारी संतोष कुमार पांडे, सहायक नगीना राम सहित कई अन्य लोगों ने योगाभ्यास किया। आयोजकों ने लोगों से नियमित योग कक्षा में शामिल होकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की।




