पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर पहुंचाया थाना

गढ़वा। झारखंड में जेपीएससी एवं जेएसएससी परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों तथा प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई के विरोध में भाजपा द्वारा आहूत राज्यव्यापी बंद का गढ़वा में भी असर देखने को मिला। मंगलवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने रंग का मोड घंटाघर चौक के पास प्रदर्शन करते हुए सड़क जाम कर विरोध जताया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और परीक्षा प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं तथा छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई का विरोध किया।

बंद के समर्थन में भाजपा कार्यकर्ता सुबह से ही सड़कों पर उतर आए। कार्यकर्ताओं ने प्रमुख मार्गों पर पहुंचकर आवागमन बाधित किया और वाहनों को रोककर अपना विरोध दर्ज कराया। सड़क जाम के कारण कुछ समय के लिए यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षाओं से जुड़े मामलों की निष्पक्ष जांच कराने तथा छात्रों के हित में उचित निर्णय लेने की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान मौके पर पहुंची पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस के समझाने के बावजूद सड़क जाम जारी रहने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया। हिरासत में लिए गए भाजपा कार्यकर्ताओं को पुलिस थाना ले गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सड़क जाम कर आवागमन बाधित करने की स्थिति में कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। इसी के तहत प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर थाने ले जाया गया। पुलिस की कार्रवाई के बाद संबंधित मार्गों पर यातायात व्यवस्था धीरे-धीरे सामान्य हुई।




