टॉप न्यूज़

दिशोम गुरु के संघर्षों को सहेजने का संकल्प, 4 अगस्त को मेराल में होगी भव्य श्रद्धांजलि सभा

बाबा शिबू सोरेन के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना ही सच्ची श्रद्धांजलि : वीरेंद्र साव
बलराम शर्मा
मेराल (जनहित न्यूज़)। झारखंड राज्य आंदोलन के महानायक, झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक, झारखंड राज्य के निर्माता एवं मरणोपरांत पद्मभूषण से सम्मानित दिशोम गुरु स्वर्गीय बाबा शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर 4 अगस्त को प्रातः 9:00 बजे स्वर्गीय विमला ठाकुर मेमोरियल भवन, बंका रोड, मेराल में झामुमो प्रखंड समिति द्वारा भव्य श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जाएगा।
इसकी जानकारी देते हुए झामुमो जिला उपाध्यक्ष वीरेंद्र साव ने बताया कि कार्यक्रम की सफलता को लेकर प्रखंड स्तरीय तैयारी समिति की बैठक प्रखंड अध्यक्ष सूर्य प्रकाश उर्फ सुदू की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में जनसंपर्क अभियान, स्वागत व्यवस्था, मंच संचालन, श्रद्धांजलि अर्पण एवं अन्य व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा कर जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
वीरेंद्र साव ने कहा कि दिशोम गुरु बाबा शिबू सोरेन का संपूर्ण जीवन जल, जंगल, जमीन तथा गरीब, किसान, मजदूर, आदिवासी, मूलवासी और वंचित समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए समर्पित रहा। उनके संघर्ष, त्याग और नेतृत्व ने झारखंड राज्य निर्माण के आंदोलन को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि बाबा शिबू सोरेन केवल एक नेता नहीं, बल्कि झारखंड की अस्मिता, स्वाभिमान और जनसंघर्ष के प्रतीक थे।
उन्होंने कहा कि बाबा के बताए सामाजिक न्याय, समानता और भाईचारे के मार्ग पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने मेराल प्रखंड सहित पूरे क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, बुद्धिजीवियों, युवाओं एवं आम नागरिकों से 4 अगस्त को आयोजित श्रद्धांजलि सभा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर श्रद्धासुमन अर्पित करने की अपील की।
बैठक में वरिष्ठ नेता दशरथ प्रसाद, शंभु प्रसाद, रविंद्र मेहता, बबलू दुबे, प्रताप सिंह, जैनेंद्र सिंह, अनुज प्रसाद, राजेश बैठा, विनोद प्रसाद, शिवमंगल चौधरी, रेयाज अंसारी, आराधना सिंह, प्रमोद कुमार गुप्ता, हरेंद्र चौधरी, शिव कुमार चौधरी, हेमंत सिंह एवं तौहीद अंसारी सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!