कस्तूरबा विद्यालय की छात्राओं के बीमार होने पर डीसी ने अस्पताल और स्कूल पहुंच कर जाना हाल

लापरवाह वार्डन, पूर्णकालिक शिक्षिका, रसोईया पर होगी कार्रवाई
गढ़वा। खरौंधी स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय की करीब 80 छात्राओं के अचानक बीमार होने की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन सक्रिय हो गया। सभी छात्राओं को तत्काल भवनाथपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के बाद अधिकांश छात्राएं स्वस्थ होकर घर लौट गईं। कुछ छात्राओं को निगरानी में रखा गया है और उनकी स्थिति सामान्य बताई गई है।

उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा ने विद्यालय व अस्पताल पहुंचकर छात्राओं का हालचाल लिया। छात्राओं ने बताया कि भोजन के बाद टंकी का गर्म पानी पीने पर उनकी तबीयत बिगड़ी थी।
घटना की जांच के लिए श्री बंशीधर नगर के एसडीओ प्रभाकर मिर्धा की अध्यक्षता में दो सदस्यीय संयुक्त जांच दल गठित किया गया है, जिसे 24 घंटे में रिपोर्ट देने का निर्देश दिया गया है।
प्रारंभिक जांच में विद्यालय प्रशासन की गंभीर लापरवाही सामने आने पर वार्डन, पूर्णकालिक शिक्षिका, रसोईया समेत अन्य संबंधित कर्मियों की बर्खास्तगी की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उपायुक्त ने कहा कि छात्राओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



