गढ़वा से बंशीधर नगर तक गूंजा छात्रों के आंदोलन का स्वर

देवेंद्र नाथ महतो का गर्मजोशी से स्वागत, भर्ती व्यवस्था में सुधार और पारदर्शी नियुक्ति की मांग पर आंदोलन जारी रखने का ऐलान
गढ़वा/श्री बंशीधर नगर। भर्ती व्यवस्था में सुधार और छात्रों को न्याय दिलाने की मांग को लेकर छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो के नेतृत्व में निकाली जा रही भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा बुधवार को गढ़वा और श्री बंशीधर नगर पहुंची। गढ़वा में छात्रों ने महतो का जोरदार स्वागत करते हुए उन्हें कंधे पर बैठाकर शहर का भ्रमण कराया। इसके बाद उन्होंने सुप्रसिद्ध गढ़देवी मंदिर में माथा टेककर पूजा-अर्चना की।
इस मौके पर महतो ने कहा कि झारखंड के छात्रों को न्यायालय पर पूरा भरोसा है और उन्हें उम्मीद है कि अनियमितता से जुड़ी परीक्षाओं पर उचित कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि सीआईडी की कार्रवाई पर भी नजर रखी जा रही है। उन्होंने दावा किया कि जांच में अभी कई बड़े नाम सामने आना बाकी हैं। साथ ही चेतावनी दी कि छात्रों पर दोबारा बल प्रयोग हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा तथा जरूरत पड़ी तो झारखंड में चक्का जाम किया जाएगा।
इसके बाद यात्रा श्री बंशीधर नगर पहुंची, जहां स्थानीय युवाओं ने उनका स्वागत किया। महतो ने प्रसिद्ध श्री बंशीधर मंदिर में दर्शन-पूजन किया। युवाओं ने ‘जब-जब कांपा है सिंहासन, तब-तब आया है इंकलाब’ के नारे लगाए।
महतो ने कहा कि युवाओं को उनका अधिकार और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा। गढ़वा में यात्रा का चरण पूरा हुआ और इसका समापन रांची में होगा।




