डीसी से पैक्स चुनाव कार्यक्रम रद्द कर पुनः निर्वाचन कराने की मांग

उप प्रमुख व मुखिया ने सहकारिता विभाग पर पूर्व अध्यक्ष से मिलीभगत का लगाया आरोप
बलराम शर्मा
मेराल। ओखरगाड़ा पश्चिमी पंचायत पैक्स के विशेष आमसभा को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। प्रखंड उप प्रमुख नेजामुदीन खान, ओखरगाड़ा पूर्वी पंचायत के मुखिया अजीज अंसारी तथा ओखरगाड़ा पश्चिमी पंचायत की मुखिया मनरावती देवी ने बुधवार को उपायुक्त गढ़वा को आवेदन सौंपकर निर्धारित चुनाव कार्यक्रम को रद्द करते हुए पुनः निर्वाचन कराने की मांग की है।
उपायुक्त को दिए गए आवेदन में बताया गया है कि जिला सहकारिता पदाधिकारी द्वारा पैक्स चुनाव के लिए नामांकन की तिथि 25 जून तथा मतदान की तिथि 9 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। आवेदनकर्ताओं का आरोप है कि चुनाव कार्यक्रम की सूचना पंचायत के जनप्रतिनिधियों, पैक्स सदस्यों और ग्रामीणों को समय पर नहीं दी गई, जिससे चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व में विभागीय मिलीभगत के कारण एक ही परिवार के पिता-पुत्र को लगातार पैक्स अध्यक्ष बनाया जाता रहा है। इसको लेकर पैक्स सदस्यों एवं ग्रामीणों में काफी नाराजगी है। उनका कहना है कि इस संबंध में पूर्व में भी उपायुक्त तथा सहायक निबंधक, सहयोग समितियां, गढ़वा को लिखित शिकायत दी गई थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई।
आवेदनकर्ताओं ने उपायुक्त से चुनाव प्रक्रिया में हुई कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराने, वर्तमान चुनाव कार्यक्रम को स्थगित करने तथा सभी संबंधित पक्षों और जनप्रतिनिधियों की सहमति से नई तिथि निर्धारित कर निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव कराने की मांग की है।
मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर जारी है। वहीं पैक्स सदस्यों और ग्रामीणों की निगाहें अब जिला प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।



