टॉप न्यूज़

मेराल में उत्साह और देशभक्ति के साथ मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस

सामूहिक ‘वंदे मातरम्’ गायन के बाद तिरंगा फहराया गया, पूरे सम्मान के साथ राष्ट्रध्वज को दी गई सलामी

 

बलराम शर्मा 
मेराल। प्रखंड भर में देशभक्ति, उल्लास और राष्ट्रीय गौरव की भावना के बीच 80वां स्वतंत्रता दिवस बड़े उत्साह एवं धूमधाम के साथ मनाया गया। सुबह से ही सरकारी एवं गैर सरकारी संस्थानों, विद्यालयों तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यालयों में तिरंगा फहराने को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। जगह-जगह देशभक्ति के नारों और राष्ट्रगान से वातावरण पूरी तरह राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत रहा।
प्रखंड कार्यालय परिसर में सीओ सह बीडीओ यशवंत नायक, थाना प्रभारी विष्णुकांत, उपप्रमुख निजामुद्दीन खां, विधायक प्रतिनिधि डॉ. लालमोहन, एजीएम बसंत पांडेय, डॉ. अनिल शाह, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय कुमार कुशवाहा, जेएमएम प्रखंड अध्यक्ष सूर्य प्रकाश, पूर्व जिप सदस्य संजय भगत सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, वरिष्ठजन एवं बच्चे मौजूद रहे। इस अवसर पर प्रखंड प्रमुख दीपमाला कुमारी ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया।
कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का अनूठा माहौल देखने को मिला। केंद्र सरकार के इस वर्ष के निर्धारित बदलाव के अनुरूप कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ के गायन से हुई। इसके बाद तिरंगा फहराया गया और उपस्थित लोगों ने पूरे सम्मान के साथ राष्ट्रध्वज को सलामी दी। कार्यक्रम के पश्चात पुनः ‘वंदे मातरम्’ और ‘जन गण मन अधिनायक जय हे’ का सामूहिक गायन किया गया। इस दौरान पूरा परिसर देशभक्ति की भावना से गूंज उठा।


इसके बाद थाना परिसर में थाना प्रभारी विष्णु कांत ने पुलिस पदाधिकारियों, जवानों, गणमान्य लोगों एवं बड़ी संख्या में उपस्थित नागरिकों के बीच ध्वजारोहण किया। उन्होंने स्वतंत्रता के वास्तविक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आजादी हमें लंबे संघर्ष, त्याग और बलिदान के बाद मिली है। उन्होंने लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखने तथा एक-दूसरे के सुख-दुख में सहयोग करने की अपील की।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ मृंगकेश मृदुल, प्रखंड परिसर स्थित मेराल पूर्वी पंचायत सचिवालय में मुखिया रामसागर महतो, उत्क्रमित मध्य विद्यालय ब्लॉक कॉलोनी में प्रधानाध्यापक गंगेश पांडेय ने ध्वजारोहण किया।


वहीं पतंजलि योग समिति के प्रखंड कार्यालय तथा किस्मती कॉलेज ऑफ फार्मेसी में कॉलेज सचिव वीरेंद्र प्रसाद, निदेशक लव कुमार सिंह, गणमान्य लोगों तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की उपस्थिति में कॉलेज के संस्थापक एवं प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. अनिल शाह ने तिरंगा फहराया। अपने संबोधन में डॉ. शाह ने कहा कि देश को आजादी बड़ी शिद्दत, संघर्ष और असंख्य वीरों के बलिदान के बाद मिली है। स्वतंत्रता दिवस किसी एक जाति, धर्म या वर्ग का पर्व नहीं, बल्कि हर भारतीय के गौरव और स्वाभिमान का पर्व है। इसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि आजादी की कीमत को समझते हुए हमें देश की एकता, अखंडता और भाईचारे को मजबूत करने का संकल्प लेना चाहिए।


नेनुआ मोड़ कार्यालय एवं एसबी एकेडमी में विधायक प्रतिनिधि डॉ. लालमोहन ने विद्यालय के निदेशक मदन यादव, प्राचार्य उर्मिला कुमारी, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की उपस्थिति में ध्वजारोहण किया।


इसी प्रकार डीएवी लीला बच्चन पब्लिक स्कूल में निदेशक सुरेंद्र विश्वकर्मा, एसजीएन मॉडर्न किंडरगार्डन स्कूल में निदेशक धर्मेंद्र देव तथा एसडी मेमोरियल स्कूल में निदेशक ब्रजेश कुमार मिश्रा ने ध्वजारोहण किया। इसके अलावा प्रखंड के सभी सरकारी एवं गैर सरकारी संस्थानों, विद्यालयों तथा राजनीतिक दलों के कार्यालयों में भी पूरे सम्मान और उत्साह के साथ तिरंगा फहराया गया।
स्वतंत्रता दिवस के सामूहिक कार्यक्रमों में मुख्य रूप से जिप सदस्य संजय कुमार सिंह, शंभू प्रसाद, हरेंद्र कुमार द्विवेदी, अतहर अली, ज्ञान रंजन मिश्रा, डॉ. लालबहादुर साह, कृष्ण प्रसाद कुशवाहा, मुन्ना राम, नवीन जायसवाल, हेमंत कुमार सिंह, अशोक राम सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!