मनरेगा कर्मी दो दिन के अंदर लौटे काम पर, नहीं तो विधि-सम्मत होगी कार्रवाई : डीसी

हड़ताल पर गए मनरेगा कर्मियों को दो दिन के अंदर सेवा पर लौटने का दिया निर्देश
गढ़वा। नव पदस्थापित डीसी पशुपतिनाथ मिश्रा द्वारा हड़ताल पर गए मनरेगा कर्मियों को दो दिनों के अंदर सेवा पर वापस आने का निदेश दिया गया है।
बता दे कि जिले के मनरेगा कर्मी मार्च से ही अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं, जिससे मनरेगा योजनाओं के क्रियान्वयन में कठिनाई उत्पन्न हो रही है। चूंकि महात्मा गाँधी नरेगा योजना माँग आधारित योजना है एवं ग्रामीणों द्वारा काम की माँग के आधार पर 15 दिनों के अन्दर उन्हें रोजगार उपलब्ध कराना सुनिश्चित करना होता है। ऐसी परिस्थिति में कर्मियों के हड़ताल पर रहने के कारण मनरेगा योजना के क्रियान्वयन एवं ग्रामीणों को ससमय रोजगार उपलब्ध कराने पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि मनरेगा कर्मियों के हड़ताल के कारण मार्च, अप्रैल एवं मई माह में निर्धारित लक्ष्य के विरूद्ध काफी कम मानव दिवस का सृजन किया जा सका है।
उन्होंने प्राप्त विभागीय निदेश एवं उपर्युक्त वर्णित परिस्थिति में मनरेगा योजना की महत्ता तथा ग्रामीणों को ससमय रोजगार उपलब्ध कराने के परिप्रेक्ष्य में गढ़वा के हड़ताल पर गए सभी मनरेगा कर्मियों को निर्गत आदेश की तिथि से दो दिनों के अंदर सेवा पर लौटने का निदेश दिया है। उन्होंने अपने आदेश में कहा है कि यदि वे निर्धारित अवधि के अंदर सेवा पर वापस नहीं आते हैं, तो उनके विरूद्ध विधि-सम्मत यथोचित कर्रवाई की जाएगी।




