तलाकशुदा महिला ने फांसी लगाकर दी जान

दो वर्षीय बेटी के सिर से उठा मां का साया
मेराल। थाना क्षेत्र के बाना गांव में एक 25 वर्षीय तलाकशुदा महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार, बाना गांव निवासी साबिर अंसारी की पुत्री सायरा खातून की शादी लगभग चार वर्ष पूर्व हुई थी। विवाह के करीब एक वर्ष बाद पति-पत्नी के बीच विवाद होने पर दोनों का तलाक हो गया था। इसके बाद से सायरा अपने मायके में रह रही थी और मानसिक तनाव में बताई जा रही थी।
परिजनों के अनुसार, शनिवार देर रात सायरा ने घर के अंदर बने पिलर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। काफी देर तक दिखाई नहीं देने पर परिवार के लोग उसकी तलाश करने लगे। इसी दौरान वह फंदे से लटकी हुई मिली। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और तत्काल मेराल थाना पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। रविवार को शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।
बताया जाता है कि सायरा अपने पीछे दो वर्षीय पुत्री छोड़ गई है, जिसके सिर से मां का साया उठ गया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




