विधायक प्रतिनिधि डॉ. लाल मोहन ने डीसी को पत्र लिखकर आर्यन एचपी गैस एजेंसी के गैस वितरण व्यवस्था को लेकर किया शिकायत

मेराल में नियमित गैस बिक्री काउंटर संचालित करने की मांग
बलराम शर्मा
मेराल। भाजपा नेता एवं विधायक प्रतिनिधि डॉ. लाल मोहन ने गुरुवार को उपायुक्त गढ़वा को पत्र लिखकर आर्यन एचपी गैस एजेंसी द्वारा मेराल में नियमित गैस वितरण नहीं किए जाने की शिकायत करते हुए मेराल में नियमित बिक्री काउंटर संचालित करने की मांग किया है। डीसी को लिखे पत्र में कहा है कि गैस गोदाम मेराल में स्थित होने के बावजूद उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध नहीं कराया जाता है।
एजेंसी द्वारा गैस वितरण गढ़वा स्थित होंडा शोरूम के समीप किया जाता है, जिससे मेराल के उपभोक्ताओं को अनावश्यक रूप से गढ़वा जाना पड़ता है। वहीं मेराल में केवल रविवार के दिन अनिश्चित समय में गैस वितरण किया जाता है। जिसके कारण उपभोक्ताओं को घंटों धूप में लाइन लगाकर इंतजार करना पड़ता है, इस दौरान लोगों के बीमार पड़ने की आशंका बनी रहती है।
डॉ. लाल मोहन ने कहा कि जब गैस गोदाम मेराल में ही है तो वहीं से नियमित बिक्री काउंटर संचालित किया जाना चाहिए, ताकि उपभोक्ताओं को सुविधा मिल सके। उन्होंने डीसी से मांग की है कि एजेंसी को मेराल गोदाम से नियमित गैस वितरण करने का निर्देश दिया जाए।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो उपभोक्ताओं को नियमसंगत आंदोलन करने के लिए बाध्य होना पड़ेगा।


