टॉप न्यूज़

म्यूटेशन के नाम पर 10 हजार रुपये रिश्वत लेते राजस्व कर्मचारी गिरफ्तार

एसीबी ने सदर अंचल के कर्मचारी भवन में की कार्रवाई, रिश्वत की रकम बरामद; पूछताछ के लिए हजारीबाग ले गई टीम
रांची। झारखंड के चतरा सदर अंचल क्षेत्र में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए म्यूटेशन के एवज में कथित तौर पर 10 हजार रुपये रिश्वत लेते राजस्व कर्मचारी सतीश कुमार को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। कार्रवाई दोपहर करीब 12:45 बजे सदर अंचल स्थित कर्मचारी भवन में की गई। गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम राजस्व कर्मचारी को अपने साथ हजारीबाग ले गई।
जमीन के म्यूटेशन के लिए रिश्वत मांगने की शिकायत
जानकारी के अनुसार, लेम पंचायत के हल्का संख्या सात में पदस्थापित राजस्व कर्मचारी सतीश कुमार पर एक व्यक्ति से जमीन के म्यूटेशन के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप था। संबंधित व्यक्ति ने इसकी शिकायत एसीबी से की थी। शिकायत मिलने के बाद टीम ने मामले का सत्यापन कराया, जिसमें शिकायत सही पाए जाने के बाद कार्रवाई की योजना तैयार की गई।
रुपये लेते ही एसीबी ने दबोचा
पूर्व निर्धारित योजना के तहत मंगलवार को शिकायतकर्ता रिश्वत की रकम लेकर कर्मचारी भवन पहुंचा। जैसे ही राजस्व कर्मचारी ने कथित तौर पर 10 हजार रुपये लिए, पहले से निगरानी कर रही एसीबी की टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। टीम ने रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली। अचानक हुई कार्रवाई से कर्मचारी भवन परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम राजस्व कर्मचारी को हजारीबाग ले गई, जहां उससे पूछताछ के साथ आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। एसीबी की इस कार्रवाई के बाद सदर अंचल एवं राजस्व विभाग से जुड़े कर्मियों में हड़कंप की स्थिति देखी जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!