टॉप न्यूज़

35 वें डीसी के रूप में पशुपतिनाथ मिश्रा ने संभाला कार्यभार

कहा : प्रशासन को अधिक जवाबदेह, संवेदनशील एवं जन केंद्रित बनाया जाएगा 

गढ़वा । जिले के 35 वें जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त के रूप में भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी पशुपतिनाथ मिश्रा ने मंगलवार को विधिवत पदभार ग्रहण किया। समाहरणालय स्थित उपायुक्त कार्यालय में उन्होंने अपनी नई जिम्मेदारी संभाली। इस अवसर पर जिला प्रशासन के अधिकारियों एवं कर्मियों ने उनका स्वागत करते हुए शुभकामनाएं प्रेषित किया।

पदभार ग्रहण करने के बाद उपायुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा ने जिले के समग्र विकास को नई गति और दिशा देने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि गढ़वा जिले के विकास, सुशासन एवं जनकल्याण को केंद्र में रखकर प्रशासन कार्य करेगा तथा शासन की योजनाओं को धरातल पर प्रभावी रूप से उतारने के लिए सभी स्तरों पर समन्वित प्रयास किए जाएंगे।

उपायुक्त श्री मिश्रा ने स्पष्ट किया कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का पारदर्शी, प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी ताकि योजनाओं का लाभ पात्र एवं जरूरतमंद लोगों तक सहज और निर्बाध रूप से पहुँच सके।

उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत संरचना, सामाजिक सुरक्षा तथा जनहित से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा। साथ ही प्रशासन को अधिक जवाबदेह, संवेदनशील एवं जनकेंद्रित बनाते हुए आमजन की अपेक्षाओं के अनुरूप व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं सुगम बनाने की दिशा में ठोस पहल की जाएगी।

उपायुक्त श्री मिश्रा ने कहा कि विकास का वास्तविक उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक समान अवसर और सुविधाएं पहुंचाना है। इसी भावना के साथ प्रशासन जनसहभागिता को बढ़ावा देते हुए जिले के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य करेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!