भारी बारिश को लेकर गढ़वा प्रशासन अलर्ट, 2 और 3 सितंबर को सभी स्कूल बंद

कंट्रोल रूम से राहत शिविर तक तैयारी पूरी, अधिकारियों को मुख्यालय नहीं छोड़ने का निर्देश
गढ़वा। जिले में भारी वर्षा की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने आपदा से निपटने के लिए व्यापक तैयारियां तेज कर दी हैं। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी पशुपति नाथ मिश्रा की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय से ऑनलाइन समीक्षा बैठक हुई। बैठक में पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर समेत जिले के वरीय अधिकारी एवं सभी संबंधित पदाधिकारी शामिल हुए।
उपायुक्त ने अधिकारियों को आपदा प्रबंधन विभाग के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने तथा संभावित बाढ़ और जलजमाव की स्थिति में त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई के निर्देश दिए। सभी अंचल अधिकारियों को कंट्रोल रूम सक्रिय रखने और किसी भी अधिकारी-कर्मी को मुख्यालय नहीं छोड़ने को कहा गया।
भारी बारिश के मद्देनजर 2 एवं 3 सितंबर को जिले के सभी विद्यालय बंद रहेंगे। हालांकि शिक्षक एवं संबंधित कर्मी निर्धारित समय पर विद्यालय में उपस्थित रहेंगे और गैर-शैक्षणिक कार्यों के साथ विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे।
प्रशासन ने पंचायत भवनों एवं विद्यालय भवनों को आवश्यकता पड़ने पर राहत शिविर के रूप में उपयोग के लिए तैयार रखने तथा खाद्य सामग्री की पर्याप्त व्यवस्था करने का निर्देश दिया है। स्वास्थ्य केंद्रों को भी अलर्ट मोड में रखा गया है।
पुलिस प्रशासन द्वारा माइकिंग के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाएगा। प्रशासन ने लोगों से नदी, नालों, जलाशयों और जलजमाव वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने की अपील की है।




