ऑनलाइन रसीद के लिए बिचौलिया के चक्कर में ना पड़े किसान, सीधे संपर्क करें : सीओ

मेराल में विशेष केसीसी ऋण सशक्तिकरण शिविर में किसानों को दी गई महत्वपूर्ण जानकारी
बलराम शर्मा
मेराल । प्रखंड कार्यालय के सभागार कक्ष में जिला कृषि पदाधिकारी गढ़वा के निर्देशानुसार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विशेष केसीसी ऋण सशक्तिकरण अभियान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सीओ सह बीडीओ यशवंत नायक ने की। शिविर में जिला अग्रणी बैंक एसबीआई गढ़वा शाखा के एलडीएम सत्यदेव कुमार रंजन एवं नाबार्ड गढ़वा के डीडीएम डीटी लुगुन उपस्थित रहे। इसके अलावा संबंधित बैंक शाखाओं के शाखा प्रबंधक, भारतीय स्टेट बैंक मेराल के कुशध्वज तिवारी, एफएलसी के कमल किशोर कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
शिविर में संस्था अग्रगति के जिला समन्वयक श्याम सुंदर महतो, सीएफएल को-ऑर्डिनेटर गुरुदेव विश्वकर्मा, प्रशिक्षिका अंजू कुमारी, वीरेंद्र ठाकुर एवं मृणालिनी चक्रधारी ने बड़ी संख्या में उपस्थित किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) से संबंधित विस्तृत जानकारी दी। साथ ही आवेदन के लिए आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी भी साझा की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीडीएम डीटी लुगुन ने कहा कि सरकार किसानों को कृषि ऋण पर ब्याज में छूट प्रदान करती है, लेकिन किसानों को समय-समय पर अपने ऋण का अद्यतन करते रहना चाहिए ताकि उनका सिबिल स्कोर बेहतर बना रहे।

वहीं एलडीएम सत्यदेव कुमार रंजन ने बताया कि सरकार किसानों के हित में लगातार बेहतर पहल कर रही है। किसान अपने एंड्रॉयड मोबाइल में “कृषिका (KRISHKA)” ऐप डाउनलोड कर स्वयं केसीसी ऋण के लिए आवेदन कर सकते हैं। वहीं सीओ यशवंत नायक ने कहा कि कृषि ऋण के लिए ऑनलाइन रसीद की आवश्यकता पड़ती है तो किसान सीधे कार्यालय में आकर संपर्क करें, किसी बिचौलिये के बहकावे में न आएं। किसानों को प्राथमिकता के आधार पर हर संभव सहयोग दिया जाएगा।
प्रखंड तकनीकी प्रबंधक प्रवीण कुमार मिश्रा ने बताया कि किसान आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन जमा कर आसानी से ऋण प्राप्त कर सकते हैं। किसान कार्यालय अवधि में कभी भी संपर्क कर आवेदन जमा कर सकते हैं। शिविर में अंचल निरीक्षक, हल्का कर्मचारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, किसान मित्र ललन प्रसाद, किसान यादव, यशवंत कुमार सिंह, उमेश चौधरी, मुखलाल महतो, भागमनी देवी, पार्वती देवी सहित दर्जनों की संख्या में किसान उपस्थित थे।



