छठ व्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर सुख, समृद्धि की कामना की

मेराल के प्रसिद्ध मां शायर देवी धाम के वार्षिक महोत्सव के बीच शिवाला छठ घाट पर चैती छठ महापर्व होने से बढ़ा यहां का रौनक
बलराम शर्मा
मेराल । चैती छठ का पावन पर्व पूरे विधि-विधान और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। सूर्य उपासना का यह महापर्व नहाय-खाय के साथ शुरू हुआ और मंगलवार की शाम में व्रतीयों ने अस्ताचलगामी (डूबते) सूर्य को अर्घ्य देकर सुख, समृद्धि और पारिवार समाज के कल्याण की कामना की। इस दौरान बांस की टोकरी (सूप) में ठेकुआ, मौसमी फल और गन्ने के साथ पूजा कर व्रतियों ने सूर्य देव की उपासना की। प्रखंड के कई गांव में छठ घाटों तालाब तथा पक्का कुआं के पास लोक आस्था का पर्व करते देखे गए। प्रखंड मुख्यालय के प्रसिद्ध मां शायर देवी धाम के समीप शिवाला छठ घाट पर धूमधाम से छठ महापर्व मनाया जा रहा है। देवी धाम के वार्षिक महोत्सव के बीच चैती छठ महापर्व होने से यहां का रौनक और बढ़ गया है। चैती छठ का समापन बुधवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ होगा। इस दौरान व्रती अपने घाटों पर उदयीमान सूर्य देव को अर्घ्य देंगे साथ ही उपासना कर परिवार और समाज की सुख-समृद्धि की कामना करेंगें। इसके बाद पारण कर व्रत तोड़ा जाएगा।



