
मुंबई : वानखेडे के मैदान पर संजू सैमसन और शिवम दुबे के तूफानी पारी ने इंग्लैंड के गेंदबाजी आक्रमण को पूरी तरह से तहस-नहस कर दिया। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के इस ऐतिहासिक सेमीफाइनल में टीम इंडिया ने स्कोरबोर्ड पर 253 रनों का विशाल स्कोर टांग दिया है। यह न केवल इस टूर्नामेंट का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है, बल्कि वर्ल्ड कप के नॉकआउट मुकाबलों (सेमीफाइनल/फाइनल) के इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर भी बन गया है। इससे पहले वेस्टइंडीज के टी20 वर्ल्ड कप के नॉकआउट में सबसे बड़ा स्कोर बनाया था। यह स्कोर 205 रनों का था।
संजू सैमसन की दमदार पारी ने इंग्लैंड को किया पस्त
पारी की शुरुआत में मिले जीवनदान का संजू सैमसन ने ऐसा फायदा उठाया कि अंग्रेज गेंदबाज पस्त नजर आए। संजू ने दमदार पारी खेलते हुए 89 रनों की विस्फोटक पारी खेली। उनकी इस पारी में कलात्मक शॉट्स और पावर-हिटिंग का बेजोड़ संगम देखने को मिला। वेस्टइंडीज के खिलाफ 97 रनों की पारी के बाद, सेमीफाइनल में उनके ये 89 रन भारत के फाइनल की राह को आसान बनाने में सबसे बड़ी भूमिका निभा रहे हैं।



