थमा नप चुनाव प्रचार का शोर, अब प्रत्याशी पहुंचेंगे डोर-टू-डोर

मतदान 23 फरवरी सोमवार को समय प्रातः 07:00 बजे से अपराह्न 05:00 बजे तक निर्धारित है। मतगणना 27 फरवरी शुक्रवार को प्रातः 8:00 बजे से प्रारम्भ होगी।
बलराम शर्मा
गढ़वा । शनिवार को चुनाव प्रचार थमने के साथ भी भोंपू का शोर भी बंद हो गया। 23 फरवरी को होने वाले चुनाव में प्रचार थमने के साथ ही जिला अंतर्गत तीनों शहरी निकायों गढ़वा नगर परिषद, श्री बंशीधर नगर और मझिआंव नगर पंचायत में भोंपू का शोर थम गया। अब प्रत्याशी डोर-टू-डोर पहुंचकर लोगों से संपर्क कर अपने-अपने पक्ष में मतदान का अपील करेंगे। गढ़वा नगर परिषद में कुल 21 वार्ड हैं। नगर परिषद क्षेत्र में 42 मतदान केंद्र बनाये गए है। वहीं श्री बंशीधरनगर नगर पंचायत में कुल 17 वार्ड के लिए 30 मतदान केंद्र व मझिआंव नगर पंचायत में कुल 12 वार्ड के लिए 17 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। गढ़वा नगर परिषद में कुल 34 हजार 347 मतदाता हैं। उनमें से 17 हजार 570 पुरुष और 16 हजार 777 महिला मतदाता हैं। वहीं श्री बंशीधरनगर नगर पंचायत अंतर्गत कुल 26 हजार 946 मतदाता हैं। उनमें 13 हजार 749 पुरुष व 13 हजार 197 महिला मतदाता हैं। उसके अलावा मझिआंव नगर पंचायत अंतर्गत 15 हजार 266 मतदाताओं में 7757 पुरुष व 7509 महिला हैं। गढ़वा नगर परिषद अंतर्गत अध्यक्ष पदों के लिए कुल संख्या कुल 12 प्रत्याशी हैं। श्री बंशीधर नगर नगर पंचायत में 10 और वही मझिआंव नगर पंचायत अंतर्गत अध्यक्ष पद के लिए कुल नामांकित 9 प्रत्याशी हैं। वहीं गढ़वा नगर परिषद अंतर्गत कुल 21 वार्डों के लिए 82 प्रत्याशी हैं। श्री बंशीधर नगर नगर पंचायत अंतर्गत वार्ड सदस्य के लिए कुल 92 प्रत्याशी किस्मत आजमा रहे हैं। वहीं मझिआंव नगर पंचायत के लिए 50 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। मतदाता किसके सिर जीत का ताज पहनाएंगे यह देखना दिलचस्प होगा।



