टॉप न्यूज़

साइबर ठगी, बाल विवाह और सड़क सुरक्षा के प्रति विद्यार्थियों को किया जागरूक

जिला विधिक सेवा प्राधिकार के पीएलवी दल ने दी कानूनी अधिकारों की जानकारी, निःशुल्क विधिक सहायता के बारे में भी बताया

मेराल। जिला विधिक सेवा प्राधिकार, गढ़वा के तत्वावधान में शुक्रवार को प्रखंड के राजकीय उच्च विद्यालय, बाना में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। प्राधिकार के अध्यक्ष सह प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री राजीव आनंद तथा सचिव श्रीमती निभा रंजना लकड़ा के निर्देश पर आयोजित शिविर में सात सदस्यीय पीएलवी दल ने विद्यार्थियों को साइबर अपराध, बाल विवाह, सड़क सुरक्षा और कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम का संचालन पीएलवी यशवंत मिश्रा ने किया। इस दौरान पीएलवी सुधीर कुमार चौबे ने विद्यार्थियों को साइबर ठगी के विभिन्न तरीकों और उससे बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने बाल विवाह के दुष्परिणामों तथा इससे संबंधित कानूनी प्रावधानों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध जागरूक रहने की अपील की। सड़क सुरक्षा पर चर्चा करते हुए उन्होंने यातायात नियमों का पालन करने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने और सड़क पर सतर्कता बरतने की सलाह दी। पीएलवी राकेश कुमार ने जिला विधिक सेवा प्राधिकार की भूमिका एवं कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि पात्र एवं जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराना प्राधिकार का महत्वपूर्ण दायित्व है। इसके साथ ही आम लोगों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना भी इसकी प्रमुख जिम्मेदारियों में शामिल है। वहीं, पीएलवी संगीता सिन्हा ने बाल कल्याण समिति के कार्यों और बच्चों के संरक्षण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। पीएलवी रामाशंकर चौबे ने विद्यार्थियों को अनुशासन, जिम्मेदारी और अच्छे संस्कारों का महत्व समझाते हुए कहा कि ये गुण विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला हैं। शिविर में पीएलवी रीता कुमारी एवं जितेंद्र कुमार भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से सतर्क रहने, बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों का विरोध करने तथा सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने का संदेश दिया गया।कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य दिनेश कुमार चौबे ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!