दुर्गापूजा पर गढ़वा में बदली रहेगी यातायात व्यवस्था, 21 अक्टूबर तक वाहनों के प्रवेश पर रोक

मेराल समेत विभिन्न मार्गों से आने वाले वाहनों के लिए निर्धारित किए गए पड़ाव
बलराम शर्मा
गढ़वा। दशहरा एवं दुर्गापूजा के मद्देनजर गढ़वा शहर में 21 अक्टूबर तक विशेष यातायात व्यवस्था लागू की गई है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए निर्धारित समय में निजी एवं बड़े वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। सुबह पांच से दोपहर एक बजे तथा शाम चार से रात एक बजे तक निजी वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। बड़ी गाड़ियों पर शुक्रवार शाम से प्रतिबंध लागू है। मेराल की ओर से आने वाली बसों के लिए कल्याणपुर ओवरब्रिज तथा निजी वाहनों के लिए टाउन हॉल मैदान निर्धारित किया गया है।

रंका एवं शाहपुर की बसें नारायणपुर ओवरब्रिज और छोटी गाड़ियां टंडवा बस स्टैंड तक आएंगी। मझिआंव से आने वाले वाहनों का पड़ाव कर्बला मैदान रहेगा। पलामू की बसें हूर मोड़, जबकि रेहला की छोटी गाड़ियां गढ़वा बस स्टैंड तक आएंगी। चिनियां की ओर से आने वाले वाहनों को कल्याणपुर ओवरब्रिज से लौटना होगा। ऑटो के लिए कर्बला मैदान, टाउन हॉल मैदान एवं टंडवा चौक निर्धारित किए गए हैं। जिला प्रशासन ने वाहन चालकों एवं श्रद्धालुओं से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।



