ब्राइट फ्यूचर स्कूल में राखी बनाओ और मेहंदी रचाओ प्रतियोगिता आयोजित

रक्षाबंधन भाई-बहन के अटूट प्रेम, विश्वास और रक्षा के संकल्प का पवित्र पर्व है : अशोक विश्वकर्मा
गढ़वा। शहर के सोनपुरवा स्थित ब्राइट फ्यूचर स्कूल में रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर विद्यार्थियों के बीच राखी बनाओ एवं मेहंदी रचाओ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए आकर्षक राखियां तैयार कर उन्हें प्रदर्शित किया। वहीं, छात्राओं ने हाथों पर सुंदर एवं मनोरम मेहंदी रचाकर अपनी कला का प्रदर्शन किया।

मेहंदी रचाओ प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में सारिका को प्रथम, माही रानी एवं शिल्पा को द्वितीय तथा राखी कुमारी को तृतीय स्थान के लिए चयनित किया गया। जूनियर वर्ग में जोया फलक ने प्रथम, पिंकी एवं कहकशा ने द्वितीय तथा पिंकी एवं सिद्धि सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, राखी बनाओ प्रतियोगिता में सौम्या भारती को प्रथम, साक्षी एवं अंतरा को द्वितीय तथा सिमर सिंह को तृतीय स्थान के लिए चयनित किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए विद्यालय के निदेशक अशोक विश्वकर्मा ने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के अटूट प्रेम, विश्वास और एक-दूसरे की रक्षा के संकल्प का पवित्र त्योहार है। यह किसी जाति या धर्म विशेष तक सीमित नहीं, बल्कि प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव का पर्व है। उन्होंने कहा कि विद्यालय में ऐसे आयोजनों का उद्देश्य बच्चों में भारतीय संस्कृति, परंपराओं और रचनात्मकता के प्रति रुचि विकसित करना है।

उन्होंने रक्षाबंधन से जुड़ी ऐतिहासिक मान्यताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इस पर्व की परंपरा प्राचीन काल से चली आ रही है। इसके साथ ही रानी कर्णावती और हुमायूं से जुड़ी ऐतिहासिक कथा भी रक्षासूत्र की भावना को दर्शाती है। कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य, उपप्राचार्य सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों के उत्साह और रचनात्मक प्रतिभा की सभी ने सराहना की।




