मुड़ल टोला में भव्य झांकी एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ, भक्तिमय माहौल में गूंजे मां दुर्गा के जयकारे

भाजपा जिलाध्यक्ष उदय कुशवाहा समेत कई गणमान्य लोगों ने किया कार्यक्रम का उद्घाटन, श्रद्धालुओं में दिखा उत्साह
बलराम शर्मा
मेराल। दुर्गापूजा के अवसर पर नवयुवक फ्रेंड्स क्लब, मुड़ल टोला, मेराल के तत्वावधान में आयोजित भव्य झांकी सह सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ हर्षोल्लास एवं भक्तिमय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल रहा। मां दुर्गा की भक्ति और जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन भाजपा जिलाध्यक्ष उदय कुमार कुशवाहा, विधायक प्रतिनिधि डॉ. लालमोहन, सांसद प्रतिनिधि विजय प्रसाद, अशोक केशरी, इंदेश पाण्डेय, अमरेन्द्र कुमार, समाजसेवी मो. लतीफ अंसारी, भावी मुखिया प्रत्याशी धनंजय चौधरी, महेंद्र मेहता, रविन्द्र जायसवाल, रोहित कुमार आदि ने संयुक्त रूप से फीता काट कर किया। इस अवसर पर गणमान्य अतिथियों ने दुर्गापूजा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकता को मजबूत करते हैं। त्योहार हमारी सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक हैं, जो लोगों को एक-दूसरे के करीब लाने के साथ नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जोड़ने का काम करते हैं। वृंदावन से आए कलाकारों द्वारा आयोजित भव्य झांकी एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम को लेकर श्रद्धालुओं और ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखने को मिला।


