टॉप न्यूज़

वर्षा ऋतु से पहले सरस्वतिया नदी की सफाई तेज, उपायुक्त ने दिए निर्देश

गढ़वा। जिले में नदी संरक्षण, स्वच्छता और गिरते भू-जल स्तर की समस्या को देखते हुए प्रशासन ने सरस्वतिया एवं दानरो नदी के संरक्षण की दिशा में पहल तेज कर दी है। वर्षा ऋतु से पूर्व मेराल से गढ़वा तक बहने वाली सरस्वतिया नदी की व्यापक सफाई नगर परिषद गढ़वा एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के सहयोग से कराई जा रही है।

प्रशासनिक समीक्षा में पाया गया कि नदी के कुछ हिस्सों में अभी भी सफाई कार्य शेष है। इसे शीघ्र पूरा करने के लिए उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी पशुपति नाथ मिश्रा ने अनुमंडल पदाधिकारी कुमार मयंक भूषण को आवश्यक निर्देश दिए हैं।

उपायुक्त के निर्देशानुसार मेराल से गढ़वा तक तथा दानरो नदी में सरस्वतिया नदी के संगम क्षेत्र तक संपूर्ण नदी की साफ-सफाई नगर परिषद गढ़वा के माध्यम से सुनिश्चित की जाएगी। अभियान को सफल बनाने के लिए सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, जनप्रतिनिधियों, विभिन्न प्रतिष्ठानों और आम नागरिकों का सहयोग भी लिया जाएगा।

उपायुक्त ने कहा कि नदियों की स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज का भी सामूहिक दायित्व है। स्वच्छ और अविरल नदियां पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ भू-जल स्तर को बनाए रखने तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए जल संसाधनों को सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

जिला प्रशासन ने लोगों से सरस्वती एवं दानरो नदी को स्वच्छ, सुंदर और प्रदूषणमुक्त बनाने के लिए अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!