जेएसएससी सीजीएल परीक्षा रद्द, कैबिनेट की बैठक के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने किया बड़ा ऐलान

टीडीपीएल की सभी परीक्षाएं होंगी रद्द, जांच के साथ परीक्षा सुधार के लिए बनेगी उच्चस्तरीय समिति
रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में सोमवार को प्रोजेक्ट भवन में हुई कैबिनेट बैठक में जेएसएससी सीजीएल परीक्षा रद्द करने का बड़ा फैसला लिया गया। बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने इसकी आधिकारिक घोषणा की। लंबे समय से परीक्षा रद्द करने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों को इससे बड़ी राहत मिली है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केवल सीजीएल ही नहीं, बल्कि टीडीपीएल एजेंसी द्वारा आयोजित सभी परीक्षाएं रद्द की जाएंगी, भले ही उनकी चयन प्रक्रिया पूरी हो चुकी हो। सीजीएल परीक्षा में हुई कथित गड़बड़ियों की जांच भी कराई जाएगी।
उन्होंने कहा कि राज्य के आंदोलनरत सभी युवा सरकार के अपने नौजवान हैं और उनके हितों की रक्षा सरकार की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार की बात कही।
जेएसएससी और जेपीएससी में सुधार के लिए वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी अमिताभ कौशल के नेतृत्व में उच्चस्तरीय समिति गठित की जाएगी। समिति परीक्षा आयोजन, भर्ती प्रक्रिया और पारदर्शिता से जुड़े सुधारों पर अपनी सिफारिशें देगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ रोकने और परीक्षा व्यवस्था में उनका भरोसा कायम रखने के लिए प्रतिबद्ध है।



